VIDEO Kanker Bear Attack: छत्तीसगढ़ में खूंखार भालू का आतंक: भाई को बचाने दौड़ी बहन की भी गई जान, 3 मौt के बाद पकड़ा गया भालू

Kanker Bear Attack Wild Animal: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक खूंखार भालू के हमले में तीन ग्रामीणों की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। पिछले कुछ दिनों से इलाके में घूम रहे इस भालू ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर लोगों को निशाना बनाया। घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने भालू की घेराबंदी कर ली, जिसके बाद वह अचेत हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भालू को अपने कब्जे में लेकर रेस्क्यू किया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

भाई को बचाने पहुंची बहनों पर भालू ने किया हमला

मरकाटोला गांव में बुधवार सुबह हलाल जुर्री (36 वर्ष) अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अचानक जंगल से निकलकर आए भालू ने उन पर हमला बोल दिया। हलाल की चीख-पुकार सुनकर उनकी बहनें गौरसे बाई (34 वर्ष) और खोरीन बाई मौके पर पहुंचीं। बहनों ने अपने भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन भालू ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। इस घटना में हलाल जुर्री और गौरसे बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खोरीन बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।

नरहरपुर इलाके में भी भालू के हमले से एक मौत

इसी दिन कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड में भी भालू के हमले की एक और दुखद घटना सामने आई। यहां खेत की ओर गए एक अन्य ग्रामीण को भालू ने अपना शिकार बना लिया। एक ही दिन में जिले के भीतर तीन लोगों की जान जाने से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया और ग्रामीण सुरक्षा को लेकर सड़कों पर उतर आए।

घेराबंदी के बाद बेहोश हुआ भालू, गुस्साए लोगों ने की मारपीट

लगातार हो रहे हमलों से नाराज ग्रामीणों ने भालू की खोजबीन शुरू की और उसे एक स्थान पर घेर लिया। बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश में भालू अचेत होकर गिर पड़ा। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उस पर लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भालू को सुरक्षा घेरे में लेकर रेस्क्यू वाहन से सुरक्षित स्थान पर रवाना किया।

धमतरी में मशरूम बीनने गए ग्रामीणों पर हमला

कांकेर से सटे धमतरी जिले के उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र में भी भालू के हमले की घटना दर्ज की गई। परसाबुड़ा गांव निवासी रामप्रसाद साहू और एक अन्य ग्रामीण जंगल में प्राकृतिक रूप से उगने वाले मशरूम (फूटू) एकत्र करने गए थे। झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। दोनों ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

देखें वीडियो-

वन विभाग की सुस्ती पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रिहायशी बस्तियों, प्राथमिक शाला और छात्रावास के आसपास भालू की आवाजाही के संबंध में पहले ही सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि आबादी वाले इलाकों में सक्रिय हिंसक वन्यजीवों को तुरंत ट्रेंकुलाइज कर दूर जंगलों में छोड़ा जाए।

जंगल की ओर अकेले न जाने की प्रशासनिक सलाह

स्थिति को देखते हुए वन मंडल अधिकारी और स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित गांवों में मुनादी करवाई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को समूह में रहने, शाम के समय जंगल के रास्ते अकेले न जाने और मशरूम या लकड़ी एकत्र करने के लिए गहरे जंगलों में न जाने की हिदायत दी है। इसके साथ ही वन्यजीवों को देखने पर उन्हें उकसाने के बजाय तुरंत वन कर्मियों को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।

कानून हाथ में न लेने की अपील और जांच शुरू

प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से संयम बरतने और कानून अपने हाथ में न लेने का आग्रह किया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घायल ग्रामीणों के इलाज का पूरा खर्च उठाया जा रहा है और मृतक परिवारों को तय प्रक्रिया के तहत मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, अचेत अवस्था में पकड़े गए भालू का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है ताकि उसकी स्थिति का आकलन कर उसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जा सके।

Also Read: VIDEO: शराब दुकान में भालू का आतंक: पास में ही सो रहा था युवक, मौ.त को सामने देख सांसें रोककर बचाई जान, वीडियो हो रहा वायरल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button