
Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सरकारी आयोजनों और वीआईपी बंगलों को फूलों से सजाने वाले एक स्थानीय व्यापारी का लाखों रुपये का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। कोलकाता फ्लावर्स के संचालक संतोष मंडल का आरोप है कि उद्यान विभाग ने त्योहारों के दौरान मंत्रियों, विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बंगलों की सजावट के लिए उनसे भारी मात्रा में फूल खरीदे थे। इसके अलावा मैनपाट कार्निवल और मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों के लिए भी महंगे गुलदस्ते और फूल उपलब्ध कराए गए थे। कार्य पूरा होने के एक साल बाद भी करीब 17 लाख रुपये का बिल पेंडिंग है।
बैंक का लोन लेकर शुरू किया था कारोबार, अब गहराया आर्थिक संकट
VIP Bangle Flowers Payment Delay: व्यापारी संतोष मंडल ने बताया कि उन्होंने इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए बैंक से लगभग 10 लाख रुपये का ऋण लिया था। सरकारी ऑर्डर पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी पूरी जमा पूंजी और बैंक से ली गई रकम लगा दी। समय पर भुगतान न मिलने के कारण अब उनके सामने बैंक की किश्तें चुकाने और व्यापार को चालू रखने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। व्यापारी का यह भी आरोप है कि उनका पुराना बकाया रोके जाने के बावजूद विभाग अन्य नए विक्रेताओं से खरीदारी कर रहा है। इसके साथ ही सूरजपुर जिले से भी उनका 3 लाख रुपये का बिल बकाया है।
राजकीय कार्यक्रमों के बकाया बिलों पर उठे सवाल
अंबिकापुर में उद्यान विभाग की इस कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय व्यापारिक हलकों में नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारी का कहना है कि जब भी किसी बड़े नेता या मंत्री का दौरा होता है, तो त्वरित आपूर्ति के लिए उन पर दबाव बनाया जाता है। लेकिन काम पूरा हो जाने के बाद बिलों का सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया को फाइलों में उलझा दिया जाता है। व्यापारी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनका बकाया जारी नहीं किया गया तो वे प्रशासनिक स्तर पर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।



