Vyapam Dress Code Rules: व्यापमं की परीक्षा में नया ड्रेस कोड बना सिरदर्द, कई परीक्षार्थी रह गए बाहर

Vyapam Dress Code Rules: रविवार को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की ओर से उप अभियंता (सिविल और विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। लेकिन परीक्षा से पहले ही परीक्षार्थियों की परीक्षा शुरू हो गई थी। परीक्षा केंद्रों पर नये परीक्षा नियमों के अनुसार ड्रेस कोड को लेकर जबरदस्त सख्ती देखी गई। खासकर डार्क कलर और फुल स्लीव शर्ट पहनकर पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं दी गई। कई परीक्षार्थी परेशान होकर आसपास के लोगों से हल्के रंग के कपड़े मांगते दिखे। कुछ तो मजबूरन अपनी शर्ट की बांहें तक काटने को मजबूर हो गए। जबकि रविवार होने की वजह से दुकानें बंद थीं, जिससे नया कपड़ा खरीदने की कोशिश भी बेकार गई।

फुल चेकिंग: इयररिंग, बेल्ट, मोबाइल तक बैन

CG PWD Sub Engineer Bharti 2025: परीक्षा में सुरक्षा को लेकर इस बार बेहद कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। ईयररिंग, मोबाइल, पर्स, घड़ी, बेल्ट, स्कार्फ, और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को पूरी तरह बैन किया गया था। कई छात्राएं कानों में झुमके पहनकर पहुंचीं, जिन्हें बाहर ही इयररिंग उतारने पड़े। यह सख्ती इसलिए और बढ़ाई गई क्योंकि पिछले वर्ष इसी परीक्षा केंद्र पर एक युवती हाईटेक नकल करते हुए पकड़ी गई थी। उस घटना के बाद से व्यापमं ने चेकिंग का स्तर हाई कर दिया है।

डुप्लीकेट आधार बना मुसीबत, स्कैन नहीं हुआ तो एंट्री भी नहीं

Duplicate Aadhaar card issue: कई परीक्षार्थी पहचान पत्र के रूप में डुप्लीकेट आधार कार्ड लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें भी निराशा हाथ लगी। डुप्लीकेट आधार स्कैन नहीं हो पाने की वजह से उन्हें परीक्षा में बैठने की इजाजत नहीं मिली। बिलासपुर के शुभम यादव को भी इस वजह से परीक्षा से बाहर होना पड़ा।

शुभम ने बताया, “मैं डुप्लीकेट आधार की कॉपी लाया था, लेकिन स्कैनिंग में फेल हो गई। अब समझ नहीं आ रहा कि गलती मेरी थी या सिस्टम की।”

गेट बंद होते ही कई रह गए बाहर

CG Exam Hall Rules: परीक्षा केंद्र के गेट सुबह 9:45 बजे बंद कर दिए गए थे। इसके बाद पहुंचने वाले कई परीक्षार्थियों को परीक्षा देने का मौका ही नहीं मिला। निर्देशों के अनुसार सभी को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचना था, लेकिन थोड़ी भी देर भारी पड़ गई।

बिना जूते, बिना बेल्ट – नया नियम बन गया बोझ

CG Vyapam Guidelines: इस बार परीक्षा में जूते, बेल्ट जैसे पहनावे पर भी रोक थी। अधिकांश परीक्षार्थी चप्पल पहनकर पहुंचे। गर्मी और सादगी के इस ड्रेस कोड ने खासतौर पर दूर-दराज से आए युवाओं को भारी परेशानी में डाल दिया।

लोगों ने की मदद, उतार दिए अपने कपड़े

Vyapam cheating prevention: हालात ऐसे हो गए कि कई परीक्षार्थी दूसरों से टीशर्ट मांगते नजर आए। कुछ मददगार लोग आगे आए और उन्होंने अपने कपड़े तक परीक्षार्थियों को दे दिए। छात्र संगठन ABVP के नेता अमित तिवारी ने तो कुछ छात्रों को खुद टीशर्ट बांटी। रायगढ़ के करण खूंटे ने तो अपनी खुद की टीशर्ट निकालकर एक परीक्षार्थी को दे दी, जिससे वह एग्जाम में बैठ पाया।

CG Vyapam Dress Code: यहाँ बनियान में दिखाई दे रहे हैं नवभारत के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट श्री दीपक पांडे। बीते रविवार को दीपक जी व्यापम द्वारा आयोजित सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा की कवरेज के लिए रायपुर स्थित जे.आर. दानी स्कूल पहुँचे थे।

परीक्षा केंद्र पर उन्होंने देखा कि एक युवा परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठने से रोका जा रहा है, क्योंकि उसने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी — परीक्षा नियमों के अनुसार डार्क रंग के कपड़े पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं थी।

स्थिति को समझते हुए, दीपक जी ने मानवता का परिचय दिया। उन्होंने उस निराश युवा के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा, “बेटा, मेरी शर्ट पहन लो और निश्चिंत होकर परीक्षा दो।” दीपक जी की इस सहानुभूतिपूर्ण पहल से युवक के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उसने शांति से शर्ट ली और परीक्षा में शामिल हुआ।

मंगलसूत्र को दी गई छूट, लेकिन चेकिंग जरूरी

Mangalsutra allowed in exam: महिला अभ्यर्थियों को सिर्फ मंगलसूत्र पहनने की अनुमति दी गई थी। हालांकि एंट्री से पहले उनकी जांच जरूर की गई कि कहीं उसमें कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तो नहीं लगी। बाकी सभी प्रकार के गहनों पर पूरी तरह पाबंदी रही।

परीक्षार्थियों की मांग – नियम पहले बताए जाते

इस बार के सख्त नियमों से परीक्षार्थी काफी परेशान नजर आए। उनका कहना था कि अगर ड्रेस कोड और अन्य नियमों की पहले से सही जानकारी दी जाती, तो ऐसी स्थिति ही न बनती। परीक्षा के दिन कपड़े काटने, झुमके उतारने और एंट्री न मिलने जैसी नौबत नहीं आती।

व्यापमं की इस परीक्षा में कड़ाई तो दिखी लेकिन जानकारी की कमी ने हजारों अभ्यर्थियों को परेशानी में डाल दिया। बेहतर होता कि नियमों को एडमिट कार्ड या वेबसाइट पर और स्पष्ट रूप से बताया जाता। अब देखना ये होगा कि व्यापमं इन फीडबैक्स से कुछ सीख लेता है या नहीं।

Also Read: Durg Atmanand School Teacher Vacancy 2025: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल दुर्ग में 329 पदों पर बंपर भर्ती, जल्द करें ऑनलाइन आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button