
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक अजीबो-गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी शादी न होने का गुस्सा भगवान शिव पर ही निकाल दिया। गुस्से में आकर युवक ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग को खंडित कर दिया और फिर उसे तालाब में फेंक दिया। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया, वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सुबह मंदिर पहुंचे लोग, टूटी मूर्तियां देख गुस्से में उबले
Balod News: घटना बालोद थाना क्षेत्र के ओरमा गांव की है। यहां एक तालाब के पास मंदिर में शिवलिंग और नंदी की मूर्ति स्थापित है, जिसकी पूजा गांववाले रोज सुबह करते हैं। लेकिन 24 जुलाई की सुबह जब श्रद्धालु पहुंचे तो देखा कि मंदिर में तोड़फोड़ की गई है और मूर्तियां गायब हैं। ये देखकर गांव में हड़कंप मच गया।

Shiv Mandir: गांव के ही नेमलाल साहू ने तुरंत बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए IPC की धारा 298 BNS के तहत केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
शराब पीकर आया था घर, भगवान को बता दिया अपनी परेशानी का जिम्मेदार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक का नाम नरेंद्र निषाद उर्फ लल्लू है। वो पेशे से राज मिस्त्री है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 23 जुलाई की रात वह शराब पीकर घर लौटा और काफी गुस्से में था।
उसका कहना था कि उसकी और उसकी बहन की शादी नहीं हो पा रही है, और उसने इसका दोष भगवान पर डाल दिया। इसी गुस्से में रात करीब 12 बजे वह मंदिर पहुंचा, शिवलिंग और नंदी की मूर्तियों को खंडित किया और उन्हें तालाब में फेंक दिया।

पुरानी दुश्मनी का भी लिया बदला, साइकिलें भी फेंकी तालाब में
इतना ही नहीं, आरोपी ने बताया कि गांव के एक युवक मनोज से उसकी पुरानी दुश्मनी थी। इस झगड़े का बदला लेने के लिए उसने गांव की चार साइकिलों को भी तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने गांववालों की मदद से आरोपी को ट्रेस किया और गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गांव में तनाव, लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ओरमा गांव में तनाव की स्थिति है। लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और वे दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीम अलर्ट पर है।



