VIDEO: ब्राजीलियन दीदी को धन्यवाद.. जैसे स्लोगन के साथ निर्वाचन आयोग का घेराव करने निकली यूथ कांग्रेस, पुलिस ने रोका

रायपुर: कांग्रेस के देशव्यापी “वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान” के तहत शुक्रवार को छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। “ब्राजीलियन दीदी को धन्यवाद” जैसे स्लोगन लिखी तख्तियाँ लिए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाते हुए सड़कों पर उतर आए, लेकिन भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उन्हें मोतीबाग चौक के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया।

यूथ कांग्रेस ने लगाए मतदाता सूची में धांधली के गंभीर आरोप

निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियाँ हो रही हैं, जिन्हें चुनाव आयोग द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा में एक ही मकान पर सैकड़ों मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ब्राजील की मॉडल, जो कभी भारत आई ही नहीं, उसके नाम पर भी वोटर लिस्ट में प्रविष्टि पाई गई है। इसी को लेकर यूथ कांग्रेस के सदस्य “ब्राजीलियन दीदी को हरियाणा में वोट डालने के लिए धन्यवाद” जैसे तंज भरे बैनर लेकर चल रहे थे।

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने लिया लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प

यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने इस दौरान अपना पक्ष रखते हुए भाजपा और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। आकाश शर्मा ने कहा, “हमारा यह आंदोलन लोकतंत्र को बचाने के लिए है। भाजपा की पुलिस या उनकी दमनकारी नीतियों से हम डरने वाले नहीं हैं।” उन्होंने संकल्प लिया कि अब यह संघर्ष रायपुर तक सीमित नहीं रहेगा और इसे पूरे प्रदेश में जिला और विधानसभा स्तर पर चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य हर मतदाता को भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत का सच बताना और अपने वोट की सुरक्षा का महत्व समझाना है।

छत्तीसगढ़ में 15 लाख से अधिक हस्ताक्षर किए गए एकत्र

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा संचालित इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर काम किया गया है। पार्टी ने राज्यभर में 15 लाख से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए हैं। इन दस्तावेजों के बंडल को दिल्ली के राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यालय में जमा कराने के लिए रवाना किया जाएगा। यह अभियान 16 सितंबर से शुरू हुआ था, जिसमें प्रदेश के 40 जिलों, 307 ब्लॉक इकाइयों और 28,000 से अधिक बूथ समितियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

मतदाता सूची की जाँच के लिए बनाए गए थे पाँच प्रमुख बिंदु

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाता सूची की त्रुटियों की जाँच राज्यभर में पाँच प्रमुख बिंदुओं पर करवाई थी। इन बिंदुओं में डुप्लीकेट मतदाता नामों की पहचान, फर्जी या अमान्य पते, एक ही पते पर थोक में पंजीकृत मतदाता, अमान्य या गलत तस्वीरें और फॉर्म-6 के दुरुपयोग जैसी शिकायतें शामिल थीं। कार्यकर्ताओं ने गाँव-गाँव जाकर लोगों को वोटर सूची की सटीकता के महत्व के प्रति जागरूक किया।

Also Read: VIDEO: छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल: PM मोदी के एक बयान से मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज़, क्या छत्तीसगढ़ में लागू होगा गुजरात फॉर्मूला?

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button