
अंबिकापुर। किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमरजीत भगत को पुलिस ने कमलेश्वरपुर चौक के पास हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें कमलेश्वरपुर थाना ले जाया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध और नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, अमरजीत भगत बीजेपी के मैनपाट प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ निकले थे। उनका उद्देश्य क्षेत्र में खाद और बीज की कमी, और खरीफ सीजन में किसानों की बढ़ती समस्याओं को लेकर ज्ञापन देना था। लेकिन पुलिस ने उन्हें शिविर स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया और थाने ले गई।
अमरजीत भगत ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पहले से सूचना दी थी कि किसानों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भेंट करेगा। उन्होंने कहा, “हम केवल ज्ञापन देने जा रहे थे, हमें रोकना और थाने लाना दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने यह भी बताया कि मैनपाट क्षेत्र में आलू और टाऊ की खेती करने वाले किसान खाद की कमी के चलते बेहद परेशान हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है। वहीं, फिलहाल पूर्व मंत्री भगत को थाने में बैठाया गया है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।



