धमतरी में पार्षदों ने रोके हाइवा: तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और अवैध रेत उत्खनन का आरोप लगाया

धमतरी जिले में तेज रफ्तार और ओवरलोड हाइवा वाहनों से परेशान पार्षदों और ग्रामीणों ने आमदी में प्रदर्शन किया। लोगों ने बीच सड़क पर करीब सात हाइवा रोक दिए। यह स्थिति लगभग तीन घंटे तक बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि खनिज विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया जाए। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पहुंच गए। पार्षदों ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध को बड़े स्तर पर बढ़ाया जाएगा।

रेत उत्खनन बढ़ने से बढ़ी हाइवा की आवाजाही

धमतरी में हाल ही में दो नई रेत खदानों को मंजूरी मिलने के बाद हाइवा वाहनों की संख्या बढ़ गई है। यहां से रेत की आपूर्ति दुर्ग और राजनांदगांव जैसे जिलों में की जाती है। ये वाहन आमदी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे मार्ग किनारे बसे गांवों के लोगों को हादसे का डर बना रहता है। इसी वजह से आमदी में हंगामे की स्थिति बनी।

ग्रामीणों का आरोप, अवैध रेत उत्खनन जारी

नगर पंचायत आमदी के नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ने बताया कि जिले में अवैध रेत उत्खनन लगातार जारी है। उनका कहना है कि आमदी मार्ग पर ओवरलोड हाइवा चल रहे हैं, जिनके पास न वैध दस्तावेज हैं न पिटपास। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार के कारण हादसों की आशंका बढ़ रही है। ऋषभ ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अवैध उत्खनन और ओवरलोडिंग पर सख्ती नहीं दिखाई, तो आगे भी इसी तरह वाहन रोके जाएंगे।

पार्षदों का आरोप, हाइवा तोड़ रहे नियम

आमदी के पार्षद पारसमणी साहू और चीतेन्द्र साहू ने कहा कि हाइवा ग्रामीण इलाकों में गति सीमा का पालन नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि सुबह दस बजे से पहले नो एंट्री क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक है, फिर भी कई वाहन आठ बजे ही पहुंच जाते हैं। पार्षदों का कहना है कि तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग की वजह से लोगों को रास्ते में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

Also Read: VIDEO: होमवर्क न करने की तालिबानी सजा: होमवर्क नहीं किया तो शिक्षिकाओं ने बच्चे को पेड़ से लटकाया

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button