
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में स्थित परशुराम नगर में शनिवार को जबरन धर्म परिवर्तन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। इस मामले को लेकर देर रात तक थाने के बाहर गहमागहमी बनी रही।

उपचार के बहाने ब्रेनवाश करने का आरोप
पुरैना निवासी बालका राजपूत ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी भांजा बहू रितू की तीन महीने पहले तबीयत खराब हुई थी। रितू उपचार के लिए मायाराम नामक व्यक्ति के पास गई। बालका का आरोप है कि मायाराम ने ईसाई धर्म ग्रहण करने के बदले मुफ्त इलाज करने का लालच दिया और रितू का ब्रेनवाश कर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता बालका राजपूत ने मायाराम, किशोर सेनापति, चौधरी बेसरा, आशीषी नाग, सिकंदर सिंह, गायत्री यादव और प्रफुल्ला पन्का पर उसकी बहू पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

रितू के पति ने जब अपनी मामी बालका को बताया कि ईसाई धर्म के लोग जबरन धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए रितू को ले जा रहे हैं, तो बालका ने इसकी सूचना बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भारी संख्या में मायाराम के घर पहुँचे और जहाँ धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था, वहाँ जमकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने मायाराम सहित अन्य छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और मामला दर्ज किया।

हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने भीम आर्मी ने घेरा थाना
धर्मांतरण के आरोप में 6 लोगों के हिरासत में लिए जाने के बाद देर रात भीम आर्मी के कार्यकर्ता राजेंद्र नगर थाना पहुँचे और थाने का घेराव कर दिया। भीम आर्मी के लोगों ने रात भर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। वे हिरासत में लिए गए आरोपियों को रिहा करने की मांग कर रहे थे।

भीम आर्मी के लोगों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और बाइक नाली में फेंकने का आरोप लगाया और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की। रात भर चले धरना-प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी के लोगों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की चेतावनी देते हुए सुबह पाँच बजे अपना धरना समाप्त किया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
Also Read: गंगरेल बांध का पानी छोड़ने से सैकड़ों एकड़ फसल डूबी, नाराज किसानों ने किया चक्काजाम



