CG BEd DElEd Counselling Date 2026: बीएड-डीएलएड एडमिशन में बड़ा बदलाव: 21 हजार से ज्यादा सीटों पर होगी प्रवेश प्रक्रिया, जानिए इस बार क्या-क्या बदला

CG BEd DElEd Counselling Date 2026: छत्तीसगढ़ में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों में संचालित बीएड, चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड और डीएलएड पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया अगस्त 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है। स्कूल शिक्षा विभाग और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इस साल प्रवेश प्रक्रिया में कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी और प्रक्रियात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

चिप्स की जगह अब एनआईसी संभालेगी काउंसिलिंग का जिम्मा

CG B.Ed D.El.Ed Admission 2026: इस बार प्रवेश प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव पोर्टल और तकनीकी संचालन को लेकर किया गया है। बीते वर्षों तक काउंसिलिंग का काम छत्तीसगढ़ इंफोटेक प्रमोशन सोसाइटी (चिप्स) के पास हुआ करता था, लेकिन सत्र 2026 के लिए यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि अभ्यर्थियों को आवेदन और सीट आवंटन के दौरान किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। एससीईआरटी जल्द ही इसका आधिकारिक शेड्यूल जारी करेगा।

इस बार केवल दो राउंड में होगी काउंसिलिंग, जारी होंगी कुल 6 सूचियां

प्रवेश प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए इस साल काउंसिलिंग के चरणों में कटौती की गई है। इस बार कुल दो मुख्य राउंड में ही काउंसिलिंग कराई जाएगी। हर राउंड के तहत तीन-तीन आवंटन सूचियां जारी होंगी, यानी पूरी प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के लिए कुल 6 मेरिट लिस्ट निकाली जाएंगी। यदि दो राउंड के बाद भी कॉलेजों में सीटें खाली रह जाती हैं, तो उनके लिए अलग से विशेष दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे। पिछले साल तीन राउंड की काउंसिलिंग में 13 से ज्यादा सूचियां जारी की गई थीं, जिससे सत्र में काफी देरी हुई थी।

कॉलेज जरूर बदले पर कुल सीटों की संख्या में नहीं हुआ कोई बदलाव

आंकड़ों के अनुसार, राज्य में बीएड और डीएलएड की कुल सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड पाठ्यक्रम संचालित करने वाले तीन पुराने कॉलेजों की मान्यता समाप्त या कम हुई है, लेकिन उनकी भरपाई तीन नए कॉलेजों को शामिल करके कर ली गई है। नए कॉलेजों में उतनी ही सीटें स्वीकृत की गई हैं, जितने पुराने संस्थानों में थीं। इसके चलते चार वर्षीय बीएड कोर्स की कुल 250 सीटों पर ही प्रवेश दिए जाएंगे।

राज्य में उपलब्ध सीटों का विवरण और कुल आंकड़ा

प्रदेशभर के शिक्षा महाविद्यालयों में इस सत्र में कुल 21 हजार 455 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। कोर्स के अनुसार सीटों का विवरण इस प्रकार है:

  • बीएड (दो वर्षीय): 14,495 सीटें
  • डीएलएड: 6,710 सीटें
  • चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड: 250 सीटें

काउंसिलिंग की तारीखें घोषित होते ही अभ्यर्थी एनआईसी के अधिकृत पोर्टल पर जाकर अपनी पसंद के कॉलेज चुन सकेंगे और ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे।

Also Read: CG Guest Lecturer Policy 2026: छत्तीसगढ़ में अतिथि व्याख्याता नीति 2026 लागू, कम योग्यता पर भी मिलेगा मौका, एक ही आवेदन से मिलेगी कई पदों पर भर्ती, जानिए नए नियम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button