27 साल के पुलिसकर्मी को आया हार्ट अटैक, इलाज के दौरान मौत, 8 माह का बच्चा हुआ अनाथ

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से पुलिस विभाग के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एमटी शाखा में पदस्थ 27 वर्षीय आरक्षक सुरेंद्र लहरे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सुरेंद्र डीएसपी प्रतिभा मरकाम के ड्राइवर के रूप में भी कार्यरत थे।

अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान सुरेंद्र को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन और सहयोगियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

सुरेंद्र की शादी कुछ साल पहले ही हुई थी और उनके घर में 8 माह का बच्चा है। बालको सेक्टर-3 निवासी सुरेंद्र अपने मिलनसार स्वभाव और सरल व्यवहार के लिए जाने जाते थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

पुलिस विभाग में लगातार त्रासदियां

बीते दिनों भी पुलिस परिवार ने कई दुखद घटनाएं देखीं। हाल ही में पुलिस लाइन में रहने वाले तीन पुलिसकर्मियों के बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। इसके अगले दिन टीआई मंजूषा पांडे का बीमारी से निधन हो गया। अब सुरेंद्र की असमय मौत ने पूरे पुलिस महकमे को स्तब्ध कर दिया है।

अधिकारियों का आश्वासन

विभागीय अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। सहकर्मियों और परिजनों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और सहयोगी पुलिसकर्मी के रूप में याद किया।

Also Read: भूख हड़ताल पर बैठे सचिव की हार्ट अटैक से मौत, सचिव संघ का फूटा गुस्सा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button