
रायपुर: NITI Aayog Meeting With PM Modi: दिल्ली में 24 मई को होने जा रही नीति आयोग की हाई-प्रोफाइल बैठक में इस बार छत्तीसगढ़ की नई सियासी तिकड़ी पहली बार मंच साझा करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में होने वाली इस बैठक में सीएम विष्णुदेव साय के साथ उनके डिप्टी सीएम अरुण साव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
सीएम साय की पहली नीति बैठक
ये बैठक खास इसलिए भी है क्योंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय पहली बार नीति आयोग की इस अहम बैठक में भाग लेंगे। छत्तीसगढ़ के लिए ये बड़ा मौका है, क्योंकि पहली बार सीएम और तीन वरिष्ठ मंत्री एक साथ नीति मंच पर दिल्ली में मौजूद रहेंगे। जाहिर है, केंद्र के साथ राज्य की तालमेल और योजनाओं की झोली लेकर पूरी टीम तैयार है।
बैठक में क्या होगा मुद्दा?
24 और 25 मई को प्रस्तावित इस बैठक में राज्य सरकार अपनी प्राथमिक योजनाओं के लिए केंद्र से अतिरिक्त सहयोग की मांग रखेगी। खासतौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और किसानों के हित में कुछ बड़े प्रस्ताव सामने आ सकते हैं।
बैठक 24 मई की सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी शामिल होंगे। यानी दिग्गजों की पूरी टोली एक छत के नीचे रहेगी।
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने पहले ही राज्य के तमाम विभागों के प्रमुख सचिवों और सचिवों को निर्देश दे दिए हैं कि वे बैठक के लिए जरूरी प्रस्ताव और रिपोर्ट तैयार करें। यानी दिल्ली जाने से पहले टीम CG ने पूरी होमवर्क लिस्ट बना ली है।



