CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, छत्तीसगढ़ में फर्जी पहचान से साइबर ठगी, शिक्षक की पिटाई से छात्र बहरा, राशन कार्ड घोटाला, सर्जिकल ग्लव्स पर रोक, कोल उत्पादन जारी, रिश्वतखोर अकाउंटेंट गिरफ्तार, भारतमाला मुआवजा घोटाला, शव कचरा गाड़ी में भेजा, शिवनाथ नदी उफान पर, और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियाँ जोरों पर समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

महिला DSP की फर्जी ID बनाकर साइबर ठगी का मामला

Bilaspur DSP Fake WhatsApp ID: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साइबर ठग ने महिला DSP रश्मित कौर चावला के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई। इस प्रोफाइल से सोशल मीडिया पर फर्नीचर बेचने का विज्ञापन डाला गया और DSP के परिचितों से पैसों की मांग की गई। एक सतर्क परिचित ने जब इसकी पुष्टि की तो मामला उजागर हुआ। सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज की गई और IT एक्ट के तहत केस बनाकर जांच शुरू कर दी गई है।

टीचर के थप्पड़ से छात्र ने गंवाई सुनने की शक्ति

Dongargarh Student Beaten: डोंगरगढ़ के खालसा पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र सार्थक सहारे को मामूली बात पर टीचर प्रियंका सिंह ने कथित रूप से 3–4 थप्पड़ मारे, जिससे उसके कानों की नसें क्षतिग्रस्त हो गईं। अब वह कक्षा में ठीक से सुन नहीं पा रहा है। रायपुर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है, जहां रोज हजारों रुपये खर्च हो रहे हैं। परिवार ने शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज कराने और स्कूल से बर्खास्तगी की मांग की है।

राशन कार्ड में भारी फर्जीवाड़े की आशंका

CG Ration Card Scam: छत्तीसगढ़ में केवल एक महीने में 1.69 लाख नए राशन कार्ड जारी होने से हड़कंप मच गया है। जून 2025 में 71.33 लाख कार्ड थे, जो जुलाई में बढ़कर 72.95 लाख हो गए। खाद्य विभाग को शक है कि तीन महीने का राशन एक साथ बांटने के फैसले का फायदा उठाकर फर्जी कार्ड बनाए गए हैं ताकि अतिरिक्त चावल का दुरुपयोग किया जा सके। विभाग ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

छत्तीसगढ़ के सभी अस्पतालों में सर्जिकल ग्लव्स फेल पर रोक

CGMSC Medical Equipment Ban: CGMSC ने छत्तीसगढ़ के सभी अस्पतालों में विशेष बैच नंबर के सर्जिकल ग्लव्स के उपयोग और वितरण पर रोक लगा दी है। यह फैसला तब लिया गया जब लगातार दवाओं और उपकरणों के सैंपल फेल हो रहे हैं। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सवाल खड़े करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता पर चिंता जताई है।

SECL में हड़ताल के बावजूद नहीं रुका कोयला उत्पादन

ECL Strike: श्रमिक संगठनों की हड़ताल के बावजूद साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कोयला उत्पादन पर कोई खास असर नहीं पड़ा। पहली पाली में कंपनी ने 87,197 टन कोयला उत्पादन किया, जो पिछले दिन की तुलना में अधिक था। हालांकि कर्मचारियों की उपस्थिति कम रही, लेकिन उत्पादन और ओबीआर निष्कासन में वृद्धि दर्ज की गई।

अकाउंटेंट को 54 हजार की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

Bribery Case Mungeli: मुंगेली जिले के बीएमओ कार्यालय में कार्यरत अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी को ACB ने 54 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। वह एक रिटायर स्वास्थ्यकर्मी से ग्रेच्युटी पास कराने के लिए घूस मांग रहा था। आरोपी पहले ही 7 हजार रुपये ले चुका था और बाकी रकम लेने के लिए होटल के पास बुलाया था, जहां उसे पकड़ लिया गया।

भारतमाला मुआवजा घोटाले में धमतरी भी आया चपेट में

Bharatmala Scam Dhamtari: देशभर में चर्चा का विषय बने भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले की आंच अब छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले तक पहुंच गई है। ग्राम सिवनीकला के ग्रामीणों ने अधिकारियों और दलालों पर मिलीभगत कर मुआवजा हड़पने का आरोप लगाया है। एक ही जमीन को कई टुकड़ों में दिखाकर करोड़ों की बंदरबांट की गई। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कचरा गाड़ी में लाश ले जाने से भड़के लोग, इंसानियत हुई शर्मसार

Korba Dead Body Garbage Vehicle: जिले के बांकिमोंगरा थाना क्षेत्र से प्रशासन की संवेदनहीनता का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला की अधजली लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए नगर पालिका की कचरा ढोने वाली गाड़ी में रखकर अस्पताल भेजा गया। मृतका की पहचान गीता श्री विश्वास के रूप में हुई थी, जिसकी लाश संदिग्ध हालत में मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को अस्पताल भेजने की तैयारी की, लेकिन कोई शव वाहन या एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराया गया। पुलिस ने SECL से भी शव वाहन की मांग की, मगर असफल रही। विवश होकर नगर पालिका की कचरा गाड़ी का सहारा लिया गया। इस घटना ने प्रशासन की असंवेदनशीलता को उजागर किया और लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर पर इंसानियत के इस अपमान की कड़ी निंदा हो रही है।

शिवनाथ नदी उफान पर, SDRF ने 32 मजदूरों को बचाया, बाढ़ जैसे हालात

Shivnath River Flood 2025: जिले में पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शिवनाथ नदी समेत अन्य नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। देर रात से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण दुर्ग शहर की कई गलियों और आवासीय इलाकों में पानी घुस गया है। शंकर नाला और महमरा एनीकट पूरी तरह उफान पर हैं। मोगरा बैराज से पहले 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसे कम करके 12 हजार क्यूसेक कर दिया गया है, फिर भी हालात बाढ़ जैसे बने हुए हैं। जलकुंभी और कचरे के कारण नगर निगम की जल आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। प्रशासन ने SDRF की मदद से शिवनाथ नदी के किनारे से 32 फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिला प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और इंटेक वेल की सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी शुरू, रायपुर में CM साय करेंगे ध्वजारोहण

Independence Day 2025 Raipur: 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियाँ छत्तीसगढ़ में प्रारंभ हो गई हैं। राजधानी रायपुर में मुख्य समारोह का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में संयुक्त परेड द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। परेड का नेतृत्व छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा किया जाएगा, जिसमें BSF, CRPF, CISF, ITBP, SSB, नगर सेना, NCC कैडेट्स सहित कई बलों की टुकड़ियाँ हिस्सा लेंगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए पदक एवं पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों को 29 जुलाई 2025 तक नामों की सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजनी होगी।

Also Read: CG Liquor Scam: 2174 करोड़ के शराब घोटाला में छत्तीसगढ़ सरकार करने जा रही है अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई 22 अधिकारियों को करेगी निलंबित, देखिये नाम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button