Sarguja TI Death: छत्तीसगढ़ में करंट की चपेट में आकर सरगुजा में TI और कोरबा में डॉक्टर की मौत, बिलासपुर में भी गईं 2 जानें, एक महिला गंभीर रूप से घायल

Sarguja TI Death: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में रविवार को करंट लगने की चार दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें चार लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। मृतकों में एक थाना प्रभारी (TI), एक डॉक्टर, एक CSEB का ठेका कर्मचारी और एक आम नागरिक शामिल हैं। हादसों के बाद बिजली विभाग और प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सरगुजा में टीआई की करंट से मौत, पत्नी ने बचाने की कोशिश की

Electric Shock: सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में जशपुर के नारायणपुर थाने में पदस्थ थाना प्रभारी राम साय पैकरा (55) की करंट लगने से मौत हो गई। वे अवकाश पर अपने गांव सूर आए थे। 27 जुलाई को घर के पुराने हिस्से में कुछ सामान खोजते समय अंधेरे में खुले बिजली तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े। पत्नी ने उन्हें झाड़ू की मदद से तार से अलग किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोरबा में डॉक्टर की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

Korba News: कोरबा जिले के मानिकपुर में रहने वाले डॉक्टर कलीम रिजवी (45) की हाई वोल्टेज करंट से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी डॉ. फिरदोस रिजवी (39) गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घर पर ही क्लीनिक चलाते थे और छत की सफाई कर रहे थे। इस दौरान लोहे का पाइप 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे कलीम करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में फिरदोस भी झुलस गईं। परिवार वालों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर कलीम को मृत घोषित कर दिया गया। डॉ. फिरदोस की हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को पहले ही गिरे हुए तार की सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हादसा हुआ।

बिलासपुर में दो और मौतें, सीढ़ी और खंभे से करंट लगने की घटनाएं

Bilaspur News: पहली घटना तिफरा इलाके की है, जहां श्यामू डाहिरे (30) नामक युवक लोहे की सीढ़ी पकड़े हुए था। छत पर टूटे केबल की मरम्मत के लिए बुलाए गए इलेक्ट्रीशियन के काम के दौरान सीढ़ी में करंट आ गया और श्यामू झुलस गया। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना मंगला बस्ती की है, जहां सीएसईबी का ठेका कर्मचारी ईश्वर पटेल (43) बिजली के खंभे पर काम कर रहा था। अचानक करंट लगने से वह खंभे से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

Sarguja News: लगातार हो रही करंट की घटनाओं ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हादसों से पहले ही कई बार विभाग को खराब तारों और ढीले कनेक्शनों की सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Also Read: CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप की सड़क हादसे में मौत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button