
रायपुर: छत्तीसगढ़ के ग्राम पवनी पुलिस चौकी सिलयारी, थाना धरसीवां में गुरुवार रात फ्री फायर गेम खेलने के दौरान दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। साहिल निषाद (17 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ मोबाइल पर गेम खेल रहा था, तभी गांव के ही गोपी ध्रुवंशी से गेम को लेकर बहस हो गई। आरोपी ने पहले गाली-गलौज की, फिर “तू अभी बच्चे की तरह खेलता है” कहते हुए चाकू निकाल लिया और साहिल पर जानलेवा हमला कर दिया।
बचाव में आए भाई पर भी वार, दोनों घायल
हमले के दौरान साहिल के बड़े भाई नागेश्वर निषाद ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। साहिल के सीने, दाहिने हाथ, भुजा और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं, जबकि नागेश्वर की पीठ में चाकू मारा गया। दोनों किसी तरह जान बचाकर भागे और ग्रामीणों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में केस दर्ज
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पीड़ित ने सोमवार को अपने पिता के साथ सिलयारी चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी गोपी ध्रुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर धारा 294, 506(2), 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।



