CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, शराब घोटाले में हाईकोर्ट से 29 अधिकारियों को झटका, चैतन्य बघेल की रिमांड बढ़ी, ट्रैक सूट खरीदी में घोटाले के आरोप, बस्तर ओलंपिक पर उठे सवाल, अयोध्या राम महायज्ञ के लिए छत्तीसगढ़ को मिला न्योता, कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, सुरक्षा एजेंसियों पर जुर्माना, रायपुर दर्शन यात्रा में शामिल हुए 80 वरिष्ठ नागरिक समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
भगवान श्रीराम के मामा पक्ष से भी शामिल हों लोग, छत्तीसगढ़ से जुड़ा है विशेष नाता
Lord Ram Mahayagya Invitation: अयोध्या में होने जा रहे 51 कुंडीय श्री राम महायज्ञ के लिए देशभर से संत और धर्मगुरु तैयारियों में जुटे हैं। इसी सिलसिले में श्री रामहर्षण मैथिल सख्य पीठ, अयोध्या के पीठाधीश्वर स्वामी वल्लभाचार्य सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित करने रायपुर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को श्रीराम महायज्ञ में विशेष रूप से शामिल होने का न्योता दिया और कहा कि भगवान राम का ननिहाल छत्तीसगढ़ में रहा है, ऐसे में यहां के लोगों की भी इस धार्मिक आयोजन में भागीदारी जरूरी है।
जो ट्रैक सूट 1539 में ऑनलाइन मिल रहा, वही सरकार ने 2499 में खरीदा
Track Suit Price Controversy: खेल विभाग ने जिस ट्रैक सूट को 2499 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदा, वही ट्रैक सूट शिव नरेश की वेबसाइट पर 1539 रुपये में उपलब्ध है। यानी एक ट्रैक सूट पर लगभग 960 रुपये ज्यादा दिए गए। अगर वेबसाइट के हिसाब से खरीदी की जाती तो 4,900 ट्रैक सूट के लिए सरकार को लगभग 47 लाख रुपये कम खर्च करने पड़ते। लेकिन विभाग ने इस अंतर को नजरअंदाज किया और ज्यादा कीमत पर ऑर्डर पास कर दिया।
11 दिन में निपटा दी गई टेंडर प्रक्रिया, नियमों की अनदेखी साफ
Tender Rule Violation: सरकारी नियमों के मुताबिक 20 लाख रुपये से ज्यादा की खरीदी के लिए कम से कम 30 दिनों का समय देना जरूरी होता है। लेकिन इस मामले में सिर्फ 11 दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। टेंडर 29 अक्टूबर 2024 को खोला गया और 11 नवंबर को क्लोज कर दिया गया। इसके तीन दिन बाद, यानी 14 नवंबर को शिव नरेश कंपनी से सप्लाई का करार भी कर लिया गया। इतना ही नहीं, वित्तीय नियमों के अनुसार किसी भी विभागीय अधिकारी को 20 लाख रुपये से ज्यादा की खरीदी करने के लिए शासन की मंजूरी लेनी होती है। लेकिन इस खरीदी में ऐसी कोई स्वीकृति नहीं ली गई।
खेल संचालक ने आरोपों से इनकार किया, कहा- सब कुछ नियम से हुआ
Sports Director Statement: इस पूरे मामले पर खेल संचालक तनुजा सलाम का कहना है कि “कोई गड़बड़ी नहीं हुई है और न ही किसी ने इसकी शिकायत की है। ट्रैक सूट की कीमत को लेकर फैलाई जा रही जानकारी सही नहीं है।” हालांकि दस्तावेजों और वेबसाइट की कीमतों की तुलना से जो फर्क सामने आ रहा है, वह अधिकारियों के दावों पर सवाल खड़े करता है।
बस्तर ओलंपिक बड़ी योजना, लेकिन सवालों में घिरा आयोजन
Bastar Olympics Controversy: बस्तर ओलंपिक को राज्य सरकार ने आदिवासी इलाकों के युवाओं को खेलों से जोड़ने और नक्सल प्रभाव से बाहर लाने के मकसद से शुरू किया था। आयोजन भले ही बड़े स्तर पर हुआ, लेकिन अब बस्तर ओलंपिक में ट्रैक सूट खरीदी घोटाला की चर्चा ने इसकी साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार इस मामले में कोई निष्पक्ष जांच कराएगी या फिर यह मामला भी फाइलों में बंद हो जाएगा?
20 अगस्त को हो सकता है कैबिनेट विस्तार, गजेंद्र यादव का नाम लगभग तय
Cabinet Expansion Rumors: छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। सीएम हाउस में नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है और संभावित मंत्रियों की सूची को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इसी कड़ी में सोमवार देर रात दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव और कोरबा विधायक अमर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। दोनों विधायकों के साथ वन टू वन चर्चा हुई है। गजेंद्र यादव मुस्कुराते हुए मुख्यमंत्री निवास में दाखिल हुए और अमर अग्रवाल भी लगभग उसी समय सीएम हाउस पहुंचे। बातचीत के बाद दोनों नेता मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकले।
शराब घोटाला: हाईकोर्ट से आबकारी अधिकारियों को बड़ा झटका, अग्रिम जमानत याचिका खारिज, अब 20 अगस्त तक सरेंडर का आदेश
Liquor Scam – Bail Rejected: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में फंसे आबकारी विभाग के 29 अधिकारियों को बिलासपुर हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने शुक्रवार को इन सभी अधिकारियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की जांच से बचने के लिए आरोपियों ने जमानत की अर्जी लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि अब उन्हें निचली अदालत में सरेंडर कर नियमित जमानत की अर्जी देनी होगी।
चैतन्य बघेल की न्यायिक रिमांड बढ़ी, ईडी ने मांगी कस्टोडियल रिमांड, जानिये क्या दिया है हवाला
Chaitanya Baghel Judicial Custody: शराब घोटाले में EOW ने हाल ही में चौथा पूरक चालान पेश किया था। यह चालान 5 जुलाई को दायर होना था, लेकिन विशेष न्यायाधीश की अनुपस्थिति के चलते इसमें देरी हुई। इसके बाद समन मिलने के बावजूद 29 आरोपी अधिकारियों ने कोर्ट में हाजिर होने से परहेज किया। अब उन्हें 20 अगस्त तक सरेंडर करने का समय दिया गया है। जांच में सामने आया है कि यह घोटाला योजनाबद्ध तरीके से किया गया, जिसमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के संरक्षण की बात भी सामने आई है। EOW का आरोप है कि इस घोटाले से हुई कमाई को अधिकारियों ने अपने और अपने परिवार के निजी फायदे में इस्तेमाल किया। अब तक इस मामले में 13 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर, अरुणपति त्रिपाठी, कवासी लखमा और विजय भाटिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं। कुल मिलाकर इस घोटाले में 70 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा एजेंसियों पर जुर्माना
Excise Dept Penalty on Agencies: शराब घोटाले के बीच आबकारी विभाग ने मैनपावर और सुरक्षा एजेंसियों पर शिकंजा कसा है। विभागीय जांच में लापरवाही और अनियमितता सामने आने पर सात एजेंसियों पर जुर्माना लगाया गया है। रायपुर की बीआईएस लिमिटेड पर सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 55 लाख 65 हजार 480 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कंपनी पर आरोप है कि उसने संविदा कार्यों में नियमों का पालन नहीं किया। वहीं दंतेवाड़ा की रक्षक सिक्योरिटी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया है।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘रायपुर दर्शन यात्रा’ आयोजित
Raipur Darshan Yatra: छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत महोत्सव के तहत रायपुर जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग द्वारा ‘रायपुर दर्शन यात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसमें 80 वरिष्ठ नागरिकों को शहर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण कराया गया। टाउनहॉल से रवाना हुई इस विशेष यात्रा को महापौर मीनल चौबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, उनके साथ स्वच्छता एम्बेसडर सुमति ताई आप्टे, निगम आयुक्त अंजलि शुक्ला और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रतिभागियों ने नालंदा लाइब्रेरी, महामाया मंदिर और आनंद समाज वाचनालय जैसे प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया, जिसका उद्देश्य उन्हें शहर की विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना रहा।



