
धमतरी Dhamtari News: शनिवार को करेठा खार इलाके में ग्रामीणों के खेत से 10 फीट लंबा और करीब 15 किलो वजनी अजगर निकला। इसकी सूचना मिलने पर सर्पमित्र सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
लगातार फोन कॉल, पांच सांपों का रेस्क्यू
Python Rescue: अजगर को पकड़ने के कुछ ही देर बाद धमतरी के अलग-अलग इलाकों से भी फोन आने लगे। एक घंटे के भीतर सर्पमित्रों ने कुल पांच सांप पकड़े, जिनमें दो जहरीले भी शामिल थे। अजगर को पकड़ते समय उसने सूर्यकांत के पैर को डस लिया और उन्हें लपेट भी लिया था, लेकिन साथी बाबी तिवारी की मदद से उसे काबू कर लिया गया।

5 हजार से ज्यादा सांपों का रेस्क्यू कर चुके सूर्यकांत
धमतरी में गिने-चुने ही सर्पमित्र सक्रिय हैं। इनमें रूद्री निवासी सूर्यकांत साहू का नाम सबसे प्रमुख है। वे अब तक साढ़े पांच हजार से ज्यादा सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ चुके हैं। उनका कहना है कि गउंहा, डोमी, करैत और रसैल पाइपर जहरीले सांपों की प्रजाति हैं, जबकि बाकी अधिकतर सांप हानिकारक नहीं होते।

लोगों से अपील और वन विभाग से नाराजगी
सूर्यकांत ने कहा कि ग्रामीणों को सांपों को मारना या उन पर मिट्टी तेल और पेट्रोल डालना नहीं चाहिए। ऐसा करने से सांप की मौत हो जाती है, जबकि इन्हें जंगल में सुरक्षित छोड़ना ही सही तरीका है। उन्होंने यह भी बताया कि इतने लंबे समय से सेवा करने के बावजूद वन विभाग की ओर से उन्हें किसी तरह की मदद या सम्मान नहीं मिला है।
Also Read: कुरुद के चर्रा गांव में दिखा नौ फीट का अजगर, ग्रामीणों ने पकड़ा और वन विभाग को सौंपी सूचना



