
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने अपने भतीजे की तेरहवीं के आयोजन में लोक निर्माण विभाग (PWD) के कोष से ₹97 लाख खर्च करवाए। कांग्रेस ने इस संबंध में दो बिलों की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर उपमुख्यमंत्री पर हमला बोला।
कांग्रेस ने तीखे शब्दों में लिखा, “अरुण साव जी, क्या आप जनता के पैसे को अपनी निजी संपत्ति समझते हैं? आपने किस अधिकार से अपने भतीजे की तेरहवीं पर 97 लाख रुपए PWD विभाग के कोष से खर्च करवाए? क्या जनता का खून-पसीने का पैसा अब नेताओं के पारिवारिक कार्यक्रमों पर लुटाया जाएगा?” पार्टी ने आगे प्रदेश की खराब सड़कों और हादसों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि क्या सत्ता जनता की सेवा का माध्यम रह गई है या नेताओं के पारिवारिक ऐशो-आराम का साधन बन चुकी है।

PWD विभाग ने आरोपों को बताया निराधार और तथ्यहीन
कांग्रेस के इस आरोप के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई और यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगा। बढ़ते विवाद को देखते हुए PWD विभाग ने आधिकारिक तौर पर स्पष्टीकरण जारी किया है।
बेमेतरा जिले के कार्यपालन अभियंता डी.के. चंदेल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया में प्रसारित की जा रही जानकारी पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन है।

पत्र में स्पष्ट लिखा गया है, “लोक निर्माण विभाग द्वारा श्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री के पारिवारिक कार्यक्रम में लगाए गए टेंट कार्य का कोई भी भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है। यह जानकारी निराधार है।” विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि इस तरह की गलत और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





