CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल, मंत्रालय में 1 दिसंबर से आधार-आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य; श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन आज कई महत्वपूर्ण बैठकों व कार्यशाला में होंगे शामिल, राज्य वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन 20 दिसंबर तक; आंध्र प्रदेश में सुरक्षाबलों ने सात नक्सलियों को मार गिराया, छत्तीसगढ़ में संपत्ति गाइडलाइन दरें 150–400% तक बढ़ीं; आंगनबाड़ी निरीक्षण में करोड़ों खर्च के बावजूद खामियां उजागर, बस्तर–आंध्र बॉर्डर पर पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई में 50 नक्सली गिरफ्तार; नवंबर में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान शुरू, किसी भी बैंक में जमा कर सकेंगे पेंशनर्स; भिलाई में तंत्र विद्या के नाम पर युवती से प्रताड़ना समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ आगमन पर अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन
Presidential Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अंबिकापुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। वे सुबह 11.20 बजे गांधी स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगी और सड़क मार्ग से पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जाएंगी। दोपहर 12.20 बजे वे झारसुगुड़ा के लिए प्रस्थान करेंगी। कार्यक्रम में वे मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ करेंगी और जनजातीय नायकों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को सम्मानित करेंगी।
मंत्रालय में आधार-आधारित उपस्थिति अनिवार्य, 1 दिसंबर से लागू होगी नई व्यवस्था
Biometric System: राज्य शासन ने महानदी भवन और इन्द्रावती भवन में AEBAS आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति सिस्टम को लागू करने का निर्णय लिया है। बुधवार को मुख्य सचिव विकास शील की मौजूदगी में फेसियल ऑथेंटिकेशन और आधार-सक्षम उपकरणों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। सिस्टम का ट्रायल आज से शुरू हो गया है और 1 दिसंबर 2025 से मंत्रालय में उपस्थिति इसी माध्यम से अनिवार्य होगी।
श्रम विभाग आज आयोजित करेगा कार्यशाला, मंत्री देवांगन होंगे शामिल
Labour Workshop: श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन आज सीआईआई के MSME कॉन्क्लेव तथा श्रम विभाग की कार्यशाला सहित कई बैठकों में शामिल होंगे। वे शंकर नगर, नवा रायपुर और न्यू सर्किट हाउस रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर राज्य में श्रम नीतियों और कल्याण योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
राज्य वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 20 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे अभ्यर्थी
Bravery Award: छत्तीसगढ़ सरकार ने 18 वर्ष से कम उम्र के बहादुर बच्चों के लिए राज्य वीरता पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार 1 जनवरी से 15 दिसंबर 2025 के बीच साहसिक कार्य करने वाले बच्चों को दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 25,000 रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आवेदन जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय में 20 दिसंबर तक जमा किए जा सकते हैं।
आंध्र प्रदेश में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, सात नक्सली ढेर
Naxal Operation: आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए। इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। एक की पहचान तकनीकी विशेषज्ञ मेटुरी जोगा राव उर्फ शंकर के रूप में हुई है, जो AOB डिवीजन में विस्फोटक निर्माण और तकनीकी सपोर्ट का प्रमुख था। यह कार्रवाई हिडमा के खात्मे के बाद नक्सल विरोधी अभियान को और मजबूती देती है।
छत्तीसगढ़ में जमींन की बढ़ेगी कीमत, आज से लागू होंगी नई दरें
Land Guideline: राज्य में नई भूमि गाइडलाइन दरें 20 नवंबर 2025 से लागू होंगी। रजिस्ट्री विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में दरों को 150 से 400 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर 25 साल बाद गाइडलाइन में बड़ा सुधार किया गया है, जिससे रजिस्ट्री प्रक्रिया आसान होगी और अनियमितताएं कम होंगी।
आंगनबाड़ी निरीक्षण में लापरवाही उजागर, करोड़ों खर्च के बावजूद नहीं मिल रहे अपेक्षित परिणाम
Anganwadi Inspection: तखतपुर क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच में कई खामियां सामने आई हैं। पोषण अभियान पर करोड़ों खर्च के बावजूद अधिकारियों की लापरवाही और सतत निरीक्षण की कमी के कारण बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिख रहे हैं। शासन ने विभागीय जिम्मेदारियों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
बस्तर-आंध्र बॉर्डर में पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई, 50 नक्सली गिरफ्तार
Massive Operation: हिडमा के मारा जाने के बाद पुलिस ने बस्तर-आंध्र सीमा पर संयुक्त अभियान चलाकर 50 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीते चार दशकों में नक्सल नेटवर्क पर सबसे बड़ा प्रहार मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नक्सली क्षेत्र में हिंसक गतिविधियों और भौगोलिक सप्लाई चेन से जुड़े थे।
नवंबर में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने का विशेष अभियान, किसी भी बैंक में जमा करें DLC
Digital Life Certificate: राज्य शासन द्वारा पेंशनरों की सुविधा के लिए नवंबर माह में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (DLC) जमा करने हेतु एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप चलाई जा रही इस पहल के अंतर्गत, अब पेंशनरों को अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए अपनी मूल बैंक शाखा में जाने की आवश्यकता नहीं है; वे किसी भी बैंक में जाकर या घर बैठे “Jeevan Pramaan” मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। संचालक, पेंशन एवं भविष्य निधि, छत्तीसगढ़, ने सभी बैंकों और जिला कोषालयों को निर्देश दिए हैं कि वे ‘डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र मिशन 4.0’ के तहत फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का उपयोग करते हुए अधिकतम संख्या में पेंशनरों के प्रमाणपत्र प्राप्त करें, जिससे उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
भिलाई में तंत्र विद्या के नाम पर युवती से प्रताड़ना, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
Crime Report: भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में युवती से तंत्र विद्या के नाम पर प्रताड़ना का मामला सामने आया है। रायपुर के हेमंत अग्रवाल और उसकी मां पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और मारपीट करने के आरोप हैं। युवती को जबरदस्ती ले जाने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read: साइबर ठगी का नया तरीका! ‘BLO’ बनकर OTP मांग रहे ठग, रायपुर पुलिस का अलर्ट



