CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें मानपुर में नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत और शहर बंद; रायपुर पुलिस के मेगा अभियान में 172 अपराधी गिरफ्तार; गोंड समाज की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 5 लाख की सहायता राशि का ऐलान; कवर्धा में बाघ के हमले से चरवाहे की मौत से ग्रामीणों में दहशत; बीजापुर के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर नया सुरक्षा कैंप और 14 IED बरामद; विधानसभा शीतकालीन सत्र को लेकर शिक्षा विभाग अलर्ट और अधिकारियों को कड़े निर्देश; जगदलपुर में 1.29 करोड़ का गांजा-हशीश तेल जब्त कर ओडिशा के 2 तस्कर गिरफ्तार; सुकमा में नक्सलियों की बुकलेट में 11 महीनों में 320 मारे जाने की पुष्टि; शाहपुर ग्रामसभा ने SECL कोल ब्लॉक प्रस्ताव सर्वसम्मति से खारिज किया; नवा रायपुर में 60वें DGP-IGP सम्मेलन की सुरक्षा तैयारियों पर IG-SP की अहम बैठक समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, महिला गंभीर, मानपुर शहर बंद

Accident Report: मानपुर के पास नेशनल हाईवे 930 पर रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों चालकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेलगांव निवासी महिला गंभीर रूप से घायल होकर राजनांदगांव रेफर हुई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा मानकों, मलबे और अव्यवस्था के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। विरोध में स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने आज शहर बंद का ऐलान किया है और हाईवे निर्माण कंपनी व प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

रायपुर में शुरू हुआ पुलिस अभियान, 172 अपराधी पकड़े गए

Police Operation: रायपुर पुलिस ने तड़के 3 बजे से 100 से अधिक टीमों के साथ बीएसयूपी कॉलोनियों, झुग्गियों और अपराधियों के ठिकानों पर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाकर 172 कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया और 15 किलो गांजा, 440 नशीली गोलियां, 183 पौवा शराब व 5 अवैध हथियार जब्त किए। पुलिस ने 37 स्थायी वारंट तामील कर 111 असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि राजधानी में अपराधियों पर अब लगातार ऐसे अभियान चलेंगे। आईजी अमरेश मिश्रा ने कहा कि रायपुर में अब कोई अपराधी चैन की नींद नहीं सोएगा।

गोंड समाज के सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 5 लाख रुपए की सहायता राशि का ऐलान

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के टिकरापारा स्थित गोंडवाना भवन में छत्तीसगढ़ गोंड समाज कल्याण समिति द्वारा आयोजित गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में भाग लिया और गोंड समाज की सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बूढ़ादेव का पूजन कर की और अपने संबोधन में कहा कि गोंड समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है, और उनकी सरकार जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है, जिसके लिए केंद्र की पीएम जनमन और प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी पहलें चलाई जा रही हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से राज्य की जनजातीय वीरों की गौरवशाली परंपरा को सम्मान देने के लिए नया रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण करने का भी आग्रह किया।

कवर्धा में जंगल में बाघ के हमले से चरवाहे की मौत, क्षेत्र में दहशत

Wildlife Conflict: चिल्फी थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव के 65 वर्षीय गुनीराम यादव का क्षत-विक्षत शव कान्हा टाइगर रिजर्व के सुपखार जंगल में मिला, जिन्हें गाय चराने गए दौरान बाघ ने शिकार बना लिया। परिजनों की गुमशुदगी रिपोर्ट के बाद वन विभाग, पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त खोज में शव मिला, जिसमें आधे शरीर पर बड़े वन्यजीव के हमले के स्पष्ट निशान थे। इलाके में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों ने कहा कि जंगल में बाघ की आवाजाही बढ़ने के बावजूद सुरक्षा इंतजाम नाकाफी हैं। वन विभाग ने शेर की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

बीजापुर के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर नया सुरक्षा कैंप, 14 IED बरामद व नष्ट

Security Deployment: ताड़पाला क्षेत्र के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और केरिपु की संयुक्त टीमों ने दुर्गम इलाके, IED खतरे और सड़क संपर्क की कमी के बीच नया सुरक्षा कैंप स्थापित किया और अभियान के दौरान 14 IED बरामद कर नष्ट किए। 2024 में जिले में अब तक 22 कैंप स्थापित होने से 749 आत्मसमर्पण, 202 माओवादी मारे जाने और 1006 गिरफ्तारियों के परिणाम सामने आए हैं। अधिकारी इसे सुरक्षा और विकास दोनों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सड़क, स्वास्थ्य और नेटवर्क सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं।

विधानसभा शीतकालीन सत्र को लेकर शिक्षा विभाग अलर्ट, अधिकारियों को कड़े निर्देश

Department Alert: छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने 18 नवंबर से 17 दिसंबर तक चलने वाले विधानसभा शीतकालीन सत्र को देखते हुए सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रश्नों के उत्तर समय पर शासन को भेजना अनिवार्य होगा, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। लंबित प्रश्न, आश्वासन, शून्यकाल बिंदुओं की जानकारी तत्काल भेजने, प्रतिदिन ईमेल-फोन की जांच और उत्तर अंतिम तिथि से 6 दिन पहले संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए। विभाग ने सत्र अवधि को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए किसी भी देरी पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जगदलपुर में 1.29 करोड़ का गांजा और हशीश तेल जब्त, ओडिशा के 2 तस्कर गिरफ्तार

Drug Seizure: बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ओडिशा से बाइक पर ले जाए जा रहे करीब 10 किलो हशीश और गांजा से तैयार हाई-कंसंट्रेशन नशीला तेल जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत 1.29 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्कर सीताराम कुलदीप और रामचंद्र माड़ी बड़े शहरों में सप्लाई के लिए तेल लेकर जा रहे थे और पहले भी इसी रूट का इस्तेमाल कर चुके थे। पुलिस डिजिटल लेनदेन और संपर्कों की जांच कर रही है और नेटवर्क में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई है।

सुकमा में नक्सलियों की बुकलेट जारी, 11 महीनों में 320 मारे जाने की पुष्टि

Naxal Update: सुकमा में नक्सलियों ने खुद बुकलेट जारी कर 11 महीनों में 183 पुरुष और 117 महिला सहित 320 साथियों के मारे जाने की पुष्टि की है, जबकि 2024 से अब तक 2200 से अधिक नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। बीते दिनों माड़वी हिड़मा समेत 5 नक्सलियों के ढेर होने और लगातार आत्मसमर्पण से सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सलवाद के कमजोर पड़ने का संकेत मान रही हैं। बस्तर क्षेत्र में घटनाएं कम होने और अभियान तेज रहने की जानकारी दी गई है।

शाहपुर ग्रामसभा ने SECL के कोल ब्लॉक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से खारिज किया

Village Resolution: ग्राम पंचायत शाहपुर की ग्रामसभा ने 1677 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित SECL की ओपन कोल ब्लॉक परियोजना को पाँचवीं अनुसूची और पेसा अधिनियम का हवाला देते हुए पूरी तरह अस्वीकार कर दिया और कहा कि ग्राम की सहमति के बिना कोई खनन या भूमि अधिग्रहण अवैध होगा। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में घना जंगल, हाथियों का कॉरिडोर, मांड नदी और पारंपरिक देवस्थल स्थित हैं और खनन से पर्यावरण, जलस्रोत और कृषि पर गंभीर असर पड़ेगा। ग्रामसभा ने बिना सहमति किए गए भू-अर्जन को हटाने और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

नवा रायपुर में DGP-IGP कॉन्फ्रेंस की सुरक्षा व्यवस्था पर IG-SP की महत्वपूर्ण बैठक

छत्तीसगढ़ के लिए पहली बार एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर, नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रायपुर में पुलिस विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। सिविल लाइन स्थित सी-4 बिल्डिंग में आयोजित इस बैठक में रायपुर संभाग के सभी पुलिस अधीक्षकों (SP) और विभिन्न संभागों के पुलिस महानिरीक्षकों (IG) ने भाग लिया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की संभावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और सम्मेलन से जुड़ी अन्य सभी व्यवस्थाओं पर गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए।

Also Read: PM Kusum Yojana: PM कुसुम योजना: किसानों के लिए डबल फायदा, सिंचाई भी फ्री और बिजली बेचकर कमाई भी! जानिए कैसे उठाएं लाभ

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button