
दुर्ग: छत्तीसगढ़ में रजिस्ट्री दरों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ विभिन्न जिलों में चल रहा विरोध प्रदर्शन अब उग्र रूप ले चुका है। दुर्ग के पटेल चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के पास विरोध कर रहे भू-व्यापारियों और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह के काफिले को रोक लिया, जिसके बाद माहौल गरमा गया। यह राज्य में पहली बार था जब पार्टी के किसी बड़े नेता का इस मुद्दे पर विरोध हुआ।

विरोधियों ने कार घेरकर की सरकार विरोधी नारेबाजी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव दुर्ग-भिलाई के दौरे पर गए थे, जहाँ उन्हें रियल एस्टेट कारोबारियों और आम नागरिकों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने किरण देव की कार को घेर लिया और सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। सभी राज्य सरकार द्वारा जमीनों की गाइडलाइन दरों में की गई वृद्धि का विरोध कर रहे थे, जिसका सीधा असर उनके कारोबार और आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं ने विरोध कर रहे लोगों से की झूमा-झटकी
माहौल बिगड़ने के बाद पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं को काफिले को आगे बढ़ाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। किरण देव का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को भाजपा के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, महामंत्री चिन्नाकेशवलू और अन्य कार्यकर्ताओं ने हटाने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और विरोध कर रहे लोगों के बीच झूमा-झटकी और हाथापाई भी हुई, जिससे स्थितियाँ कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गईं।
देखिये वीडियो-
गाइडलाइन दर बढ़ोतरी पर गहराया राजनीतिक गतिरोध
प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को रोकने की इस घटना ने जमीन की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक गतिरोध को और गहरा दिया है। रियल एस्टेट सेक्टर में व्यापक नाराजगी दिख रही है, और यह सीधा विरोध इस बात का संकेत है कि गाइडलाइन दरों का मुद्दा आगामी दिनों में राज्य सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। पुलिस ने किसी तरह माहौल शांत कराकर काफिले को आगे रवाना किया।




