CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें कांग्रेस जिलाध्यक्षों की रणनीतिक बैठक से लेकर 88 बकायादारों के बिजली कनेक्शन कटे, रायगढ़ में पहला ‘सोलर मॉडल विलेज’ बनाने की तैयारी, अंबिकापुर में नकली सिगरेट फैक्ट्री का पर्दाफाश, आरंग खुदाई में मिले प्राचीन सिक्कों पर विवाद, रायपुर निगम अधिकारियों द्वारा ट्रांसफर आदेश की अनदेखी, सरगुजा में ASI–पत्नी विवाद ने बढ़ाया तनाव, राजधानी में 23 लाख की ड्रग्स जब्ती, Indigo की 20 उड़ानें रद्द होने से 7 हजार यात्री परेशान, और चैतन्य बघेल की शराब घोटाला केस वाली याचिका पर आज फिर ED बहस रखेगा अपना पक्ष समेत पढ़ें CG की सभी प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक संपन्न, संगठन को मजबूत करने और बड़े आंदोलन की तैयारी पर मंथन

Congress Meeting: राजधानी रायपुर में कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक संपन्न हुई। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बताया कि बैठक में सभी जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया गया और संगठनात्मक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अलग से बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, वर्तमान सरकार के खिलाफ बिजली दरों, किसानों की समस्याओं और जमीन के गाइडलाइन रेट को लेकर बड़े राज्यव्यापी प्रदर्शन की रूपरेखा बनाई जा रही है। पीसीसी चीफ बैज ने सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष जीवन ठाकुर की मौत पर जेल प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप भी लगाया।

विद्युत विभाग का बड़ा एक्शन: 88 बकायादारों के काटे गए कनेक्शन, अवैध उपयोग पर होगी FIR

Power Disconnection: विद्युत विभाग ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती दिखाते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बरियो वितरण केंद्र में 88 बड़े बकायादारों के कनेक्शन काट दिए हैं। इन उपभोक्ताओं पर 23 लाख 96 हजार 988 रुपये की बकाया राशि थी। कार्रवाई के दौरान 24 उपभोक्ताओं ने तुरंत 9 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया। मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवैध रूप से बिजली उपयोग करते पाए जाने वालों पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 और अनधिकृत कनेक्शन लेने वालों पर धारा 138 के तहत FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रायगढ़ में शानदार पहल: एक गांव बनेगा ‘सोलर मॉडल विलेज’, PM सूर्य घर योजना के तहत चयन प्रक्रिया शुरू

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक गांव को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित ‘सोलर मॉडल विलेज’ के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों पर राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा को गति देने की कड़ी में, कलेक्टर की अध्यक्षता में 5 हजार से अधिक जनसंख्या वाले 10 ग्रामों को इस प्रतिस्पर्धा के लिए चुना गया है, जिनमें कुडुमकेला, तमनार, खैरपुर जैसे गांव शामिल हैं। अगले छह माह तक इन चयनित गांवों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें घरेलू और सामुदायिक सौर संयंत्रों की स्थापना पर जोर दिया जाएगा, जिसके बाद इनमें से एक गांव जिले का पहला सोलर मॉडल विलेज बनकर उभरेगा।

कपिल मित्तल एंड संस के गोदाम पर पुलिस ने मारा छापा, भारी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त

Fake Cigarettes: अंबिकापुर शहर में मशहूर कंपनियों के पैकेट में नकली सिगरेट बेचने के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस ने कपिल मित्तल एंड संस के गोदाम और निवास पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली गोल्ड फ्लेक, फ्लेग, लिबर्टी और इंडीमेंड ब्रांड की सिगरेट जब्त की। ये नकली सिगरेट दो पिकअप वाहनों में भरी मिली थीं। आईटीसी कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने कॉपीराइट्स एक्ट सहित कई धाराओं के तहत कपिल मित्तल को मुख्य आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज किया है और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

खुदाई में निकले सिक्के अभी तक सार्वजनिक नहीं, ग्रामीणों ने उठाए सवाल, पुरातत्व विभाग पर सच्चाई छुपाने का आरोप

Archaeological Coins: आरंग क्षेत्र के ग्राम रीवा में पुरातत्व विभाग द्वारा चल रहे उत्खनन कार्य से 10वीं ईसा पूर्व के प्राचीन अवशेष मिल रहे हैं, जिनका संबंध हड़प्पा संस्कृति के समय से जोड़ा जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खुदाई के दौरान 2000 से 2500 के बीच प्राचीन सिक्कों का बड़ा जखीरा मिला है। हालांकि, पुरातत्व विभाग द्वारा इन सिक्कों की जानकारी को अभी तक सार्वजनिक नहीं करने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण विभाग पर सच्चाई छुपाने का आरोप लगाते हुए रीवा में संग्रहालय बनाने की मांग कर रहे हैं।

रायपुर निगम के अधिकारियों ने ट्रांसफर आदेश को दिखाया ठेंगा, दो महीने बाद भी जगह से नहीं हुए टस के मस

Transfer Evasion: रायपुर नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दो महीने पहले जारी ट्रांसफर लिस्ट को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं। रवि लावण्य, संतोष वर्मा, रोशन देव रात्रे, उमेश नामदेव और प्रदीप यादव जैसे अधिकारी ट्रांसफर के बाद भी रिलीव नहीं हुए हैं, जबकि उनकी जगह नए कर्मचारी ज्वाइन कर चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इसे संरक्षण का मामला बताया और कहा कि एक पद पर दो-दो लोग सैलरी ले रहे हैं, जिससे निगम का कोष खाली हो रहा है और जिन निगमों में इन्हें जाना था, वहाँ काम बाधित हो रहा है।

शराबी ASI को शिक्षिका पत्नी ने धारदार हथियार से किया घायल, बेटी से मारपीट का आरोप

सरगुजा के कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ बलरामपुर एसपी कार्यालय की शिकायत शाखा में पदस्थ एक एएसआई प्रशांत कुमार को उसकी शिक्षिका पत्नी प्रियंका ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पत्नी ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात एएसआई शराब पीकर घर आया और बेटी के साथ मारपीट करने लगा, जिससे लंबे समय से प्रताड़ित हो रही पत्नी ने आत्मरक्षा में यह कदम उठाया। दूसरी ओर, एएसआई ने अपनी पत्नी पर सोने के जेवर न दिलाने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एएसआई के चेहरे, सिर और हाथों में चोटें आई हैं, जिसकी सूचना उसने खुद मीडिया को दी। फिलहाल इस घटनाक्रम पर पुलिस में अभी तक कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ है, और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

रायपुर में ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, साइंस कॉलेज के पास कर रहे थे ग्राहक का इंतजार, 23 लाख का सामान जब्त

Drug Traffickers: राजधानी रायपुर में पुलिस ने साइंस कॉलेज मैदान के पास से ड्रग्स बेचते हुए दो तस्करों, आयुष दुबे उर्फ मयंक और मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी, को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया है, जिसकी कीमत ढाई लाख रुपये से ज्यादा है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ ही हुंडई कार, 7 मोबाइल समेत कुल 23 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। सरस्वती नगर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे हेरोइन कहाँ से लाए थे और किसे बेचने वाले थे।

रायपुर में दिल्ली, मुंबई, गोवा समेत 20 उड़ानें रद्द, 7 हजार से ज्यादा यात्री परेशान, 24 घंटे से एयरपोर्ट पर रुके लोग

IndiGo Flights Cancelled : राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें रद्द होने का सिलसिला आज भी जारी रहा। क्रू स्टाफ और पायलटों की कमी के कारण शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई, गोवा, इंदौर समेत अप-डाउन की 20 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे 7 हजार से ज्यादा यात्री परेशान हुए। कई यात्री 24 घंटे से एयरपोर्ट पर रुके हैं, जिन्हें कोई ई-मेल या एसएमएस से सूचना नहीं मिली और न ही उन्हें कोई सुविधा दी गई। एक बैंड ग्रुप ने शादी समारोह में शामिल न हो पाने से लाखों के नुकसान की बात कही है। गुस्साए यात्रियों ने सरकार से प्राइवेट कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।

शराब घोटाला मामले में जेल में बंद चैतन्य बघेल की याचिका पर बहस अधूरी, कल फिर ED रखेगा अपना पक्ष

Liquor Scam: छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की याचिका पर गुरुवार को सुनवाई पूरी नहीं हो पाई। जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच में सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तरफ से बहस अधूरी रही। अब शुक्रवार 5 दिसंबर की शाम 4 बजे फिर से ED अपना पक्ष रखेगा। चैतन्य बघेल 3200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाला मामले में 18 जुलाई 2025 से न्यायिक रिमांड पर जेल में हैं।

Also Read: पंडित प्रदीप मिश्रा पहली बार आ रहे बस्तर, गीदम में होगा शिवपुराण का होगा भव्य आयोजन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button