CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें छत्तीसगढ़ के तेज-तर्रार IPS प्रखर पांडेय का हार्ट अटैक से निधन, पुलिस महकमे में शोक; गरियाबंद में 10 लाख के इनामी 2 नक्सलियों का सरेंडर; तांत्रिक ने नशीला लड्डू खिलाकर परिवार से सोना उड़ाया, आरोपी गिरफ्तार; कोरबा में चंगाई सभा को लेकर बवाल, हिंदू संगठन और ईसाई समुदाय आमने-सामने; साय सरकार का बड़ा फैसला, अब घर बैठे ऑनलाइन होगा जमीन डायवर्सन; बिलासपुर में GST का छापा, 3 बड़े कोल कारोबारियों ने 27.61 करोड़ सरेंडर किए; कांग्रेस की ‘वोट चोर’ रैली, PCC चीफ दीपक बैज दिल्ली रवाना; महानदी जल विवाद पर 22 तारीख को हाई लेवल कमेटी की अहम बैठक; छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की बड़ी राहत, एकमुश्त भुगतान पर 50% ब्याज माफी; उज्ज्वला योजना 3.0 में छत्तीसगढ़ की 2 लाख से अधिक महिलाओं को मुफ्त LPG कनेक्शन का लाभ; और छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन बने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
IPS प्रखर पांडेय का हार्ट अटैक से निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
IPS Officer Passes Away: छत्तीसगढ़ पुलिस के तेज-तर्रार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का रविवार दोपहर अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG), CID पद पर कार्यरत थे। भिलाई में हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें तत्काल रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं पाए। प्रखर पांडेय ने कबीरधाम, सूरजपुर, और दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। उनके निधन पर पुलिस विभाग और प्रशासन में शोक की लहर है।
नक्सल उन्मूलन अभियान को सफलता, गरियाबंद में 10 लाख के इनामी 2 नक्सलियों ने किया सरेंडर
Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ सरकार के नक्सल उन्मूलन अभियान को गरियाबंद जिले में बड़ी सफलता मिली है। SDK एरिया कमेटी के सदस्य संतोष उर्फ लालपवन और सीनापाली एरिया कमेटी की सदस्य मंजू उर्फ नंदे ने पुलिस और प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। ये दोनों 2010 और 2002 से सक्रिय थे और इन पर कुल 10 लाख रुपये (5-5 लाख रुपये) का इनाम घोषित था। दोनों कई गंभीर नक्सली घटनाओं जैसे सुरक्षा बलों पर हमले और आईईडी ब्लास्ट में शामिल रहे थे।
तांत्रिक ने परिवार को नशीला लड्डू खिलाया और सोना लेकर फरार
Tantrik Fraud: गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के भसेरा गांव में अंधविश्वास और अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। रायपुर निवासी एक कथित तांत्रिक सत्यनारायण साहू ने पूजा अनुष्ठान के बहाने एक परिवार के आठ सदस्यों को नशीला लड्डू खिला दिया। प्रसाद खाने के बाद परिवार के पांच सदस्य बेहोश हो गए। तांत्रिक बेहोशी का फायदा उठाकर घर से लगभग 60 हजार रुपये मूल्य का सोना लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तांत्रिक सत्यनारायण साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
चंगाई सभा को लेकर विवाद, ईसाई समुदाय और हिंदू संगठन आमने-सामने
Religious Conflict: कोरबा के सुतर्रा में रविवार को चंगाई सभा के आयोजन को लेकर विवाद हो गया। ईसाई समुदाय और ग्रामीणों के साथ हिंदू संगठन के लोग आमने-सामने आ गए। विवादित पास्टर बजरंग जायसवाल पर आरोप है कि वह इससे पहले भी कटघोरा में चंगाई सभा कर चुका था, जिसके बाद उसे जेल भी जाना पड़ा था। दोनों पक्षों ने कटघोरा थाना पहुंचकर हंगामा किया और हिंदू संगठन ने पास्टर पर कार्रवाई की मांग की है।
साय सरकार का बड़ा फैसला, अब घर बैठे करा सकेंगे जमीनों का ऑनलाइन डायवर्सन
Online Land Diversion: छत्तीसगढ़ सरकार ने जमीनों के डायवर्सन (भू-उपयोग परिवर्तन) की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए इसे ऑनलाइन कर दिया है। राजस्व विभाग ने इसकी अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी है। अब नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में भूमियों के डायवर्सन के लिए सक्षम प्राधिकारी की अनुज्ञा की आवश्यकता नहीं है। हितग्राही अब घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
बिलासपुर में GST का छापा, 3 बड़े कोल कारोबारियों ने 27 करोड़ 61 लाख रुपये सरेंडर किए
GST Raid: स्टेट जीएसटी की टीम ने बिलासपुर में 3 बड़े कोल कारोबारी महावीर कोल वाशरी, फिल कोल, और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, टैक्स चोरी के मामले में इन कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ 61 लाख रुपये जीएसटी टीम को सरेंडर किए हैं। इसमें महावीर कोलवाशरी ग्रुप ने 10 करोड़, फील ग्रुप ने 11 करोड़ और पारस कोल वाशरी ने 6.50 करोड़ रुपये सरेंडर किए हैं।
महानदी जल विवाद: उच्च स्तरीय कमेटी की पहली बैठक 22 तारीख को
Mahanadi Water Dispute: महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए बनी उच्च स्तरीय कमेटी की पहली बैठक 22 दिसंबर को शाम 4 बजे लोक सेवा भवन में होगी। उप मुख्यमंत्री कनकबर्धन सिंह देव इसकी अध्यक्षता करेंगे। यह कमेटी ट्रिब्यूनल में चल रहे मामले को ध्यान में रखते हुए, महानदी के पानी से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं की जांच करेगी और राज्य को आवश्यक पॉलिसी गाइडेंस देगी।
हाउसिंग बोर्ड आवंटियों को राहत, बकाया एकमुश्त चुकाने पर 50% ब्याज माफ
Housing Board Relief: छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने मकान आवंटियों को बड़ी राहत दी है। स्ववित्तीय और भाड़ा-क्रय योजना के हितग्राही यदि अपनी बकाया राशि एकमुश्त चुकाते हैं, तो उन्हें ब्याज राशि में 50% तक की छूट मिलेगी। साथ ही वॉटर चार्ज सरचार्ज में भी आधी माफी दी जाएगी। इस फैसले से मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उज्ज्वला योजना 3.0 पर छत्तीसगढ़ को 2 लाख से अधिक नए LPG कनेक्शन
Ujjwala Yojana 3.0: प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत केंद्र सरकार ने देशभर के लिए स्वीकृत 25 लाख अतिरिक्त निःशुल्क LPG कनेक्शन में से 2 लाख से अधिक कनेक्शन छत्तीसगढ़ के पात्र परिवारों को मिलेंगे। यह जानकारी राज्य स्तरीय समन्वयक तेल उद्योग नितिन चौहान ने दी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों तक सुरक्षित और स्वच्छ ईंधन पहुंचाना है।
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन बनाए गए पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
BJP New Working President: बिहार की एनडीए सरकार में मंत्री और छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी घोषणा की। नितिन नबीन बांकीपुर से विधानसभा सदस्य हैं और बिहार में पथ निर्माण मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
Also Read: 14वें मंत्री की नियुक्ति मामला: हाईकोर्ट ने ‘को वारंटो’ याचिका पर सुनवाई से किया इनकार



