CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें नर्सिंग कॉलेजों के लिए INC मान्यता अनिवार्य, बिजली कटौती से कांकेर में मक्के की फसल संकट में; होली के नाम पर स्कूलों में शिक्षक नदारद; दंतेवाड़ा मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर; कोरबा में हाथी के हमले से मंडी प्रभारी की मौत; बलरामपुर में ज्वेलर्स दुकान से 3 लाख की चोरी; रायपुर में 24 घंटे में चार हत्याओं से दहशत; जांजगीर में बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाने का मामला; बिलासपुर-सक्ती में होली के दौरान हिंसा व आगजनी और फिल्मकार एस अंशु धुरंधर को इंटरनेशनल अवार्ड समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

नर्सिंग कॉलेजों के लिए INC की मान्यता अनिवार्य, वरना नहीं मिलेगा प्रवेश

छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों के लिए अब नियम कड़े कर दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने आदेश जारी किया है कि अब सभी सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों को भारतीय उपचर्या परिषद (INC) से मान्यता लेना जरूरी होगा। जिन कॉलेजों के पास 6 महीने के भीतर यह मान्यता या आवेदन की रसीद नहीं होगी, वे शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नए बच्चों का दाखिला नहीं कर पाएंगे।

बिजली कटौती से किसान बेहाल, मक्के की फसल सूखने की कगार पर

कांकेर जिले के बांदे इलाके में घोषित और अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मरोड़ा फीडर में पिछले एक हफ्ते से घंटों बिजली गुल रहती है। सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है क्योंकि गर्मी की वजह से मक्के की फसल को पानी की जरूरत है, लेकिन पंप नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर सुधार नहीं हुआ तो वे बिजली दफ्तर का घेराव करेंगे।

होली के नाम पर स्कूल बंद, नदारद मिले शिक्षक

राजिम और गरियाबंद इलाके के कई सरकारी स्कूलों में होली की आड़ में शिक्षकों की मनमानी देखने को मिली है। गुरुवार को जब स्कूल खुलने का समय था, तब कई स्कूलों के गेट पर ताला लटका मिला। तय समय के अनुसार स्कूल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुलने चाहिए थे, लेकिन शिक्षक गायब थे। इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

दंतेवाड़ा में मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

दंतेवाड़ा और बीजापुर की सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार की रात हुई मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का नक्सली राजेश पुनेम मारा गया। वह 5 लाख रुपये का इनामी था। पुलिस ने मौके से एक एसएलआर राइफल, इंसास राइफल, पिस्टल और भारी मात्रा में विस्फोटक और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया है।

कोरबा में हाथी का हमला, मंडी प्रभारी की मौत

कोरबा जिले के कुदमुरा में एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। धान खरीदी केंद्र की सुरक्षा के लिए वहां झोपड़ी बनाकर रह रहे मंडी प्रभारी राजेश कुमार पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है।

बलरामपुर में ज्वेलर्स की दुकान में बड़ी चोरी

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी नगर में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया है। बैजनाथ ज्वेलर्स का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ले उड़े। सुबह जब दुकान मालिक पहुंचा तब चोरी का पता चला। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

रायपुर में 24 घंटे में चार हत्याएं, दहली राजधानी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में अलग-अलग इलाकों में चार लोगों की हत्या कर दी गई है। आरंग, खरोरा और बरबंदा के बाद अब खारून रेलवे कॉलोनी में एक खून से लथपथ लाश मिली है। कहीं पुरानी रंजिश तो कहीं आपसी विवाद और शक की वजह से इन वारदातों को अंजाम दिया गया है। पुलिस सभी मामलों की बारीकी से जांच कर रही है।

जांजगीर में बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाई, हालत बिगड़ी

जांजगीर के सुकली गांव में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। होली के दौरान डीजे देख रहे तीन छोटे बच्चों को गांव के ही एक युवक ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। बच्चों की तबीयत बिगड़ते ही उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बच्चों का इलाज जारी है।

बिलासपुर और सक्ती में होली के दौरान हिंसा और आगजनी

होली के दिन प्रदेश के दो जिलों में भारी बवाल हुआ। बिलासपुर में नशे में धुत युवकों ने एक ई-रिक्शा में आग लगा दी। वहीं सक्ती जिले के गोरखापाली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां खड़े ट्रैक्टर, पिकअप और तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिल्म निर्देशक एस अंशु धुरंधर को मिला इंटरनेशनल अवार्ड

बलौदाबाजार के युवा फिल्मकार एस अंशु धुरंधर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। कोलकाता में आयोजित ‘इंटरनेशनल स्टार फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स 2026’ में उनकी डॉक्यूमेंट्री को दूसरा स्थान मिला है। यह डॉक्यूमेंट्री छत्तीसगढ़ के जननायक दाऊ चिंताराम टिकरिहा के जीवन पर आधारित है। इस महोत्सव में दुनिया के 70 देशों की फिल्में शामिल हुई थीं।

Also Read: छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव: फूलो देवी नेताम और लक्ष्मी वर्मा ने दाखिल किया नामांकन, सियासी पारा चढ़ा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button