CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर में 50 करोड़ की इंटरनेशनल साइबर ठगी का भंडाफोड़, 42 गिरफ्तार टाइगर रिजर्व में रिश्वत लेते रेंजर-डिप्टी रेंजर पकड़े गए अवैध गैस सिलेंडर बेचते आरोपी गिरफ्तार कुम्हारी खारुन पुल 1 महीने बंद IPS रतन लाल डांगी सस्पेंड नक्सलियों को 72 घंटे का अल्टीमेटम रजत बंसल बने नए जनसंपर्क आयुक्त जेलों में 285 मौतों पर मानवाधिकार आयोग सख्त बारदाना घोटाले में कार्रवाई डाकघरों से विदेश पार्सल सेवा शुरू समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

रायपुर में इंटरनेशनल साइबर गैंग का खुलासा, 50 करोड़ की ठगी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने तीन अलग-अलग कॉल सेंटरों पर छापा मारकर 42 लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह पिछले दो साल से अमेरिका के नागरिकों को अपना निशाना बना रहा था और अब तक करीब 50 करोड़ रुपये लूट चुका था। ठगों का यह जाल चीन और गुजरात से जुड़ा है। पुलिस ने इनके पास से 67 मोबाइल, 18 लैपटॉप और 28 कंप्यूटर जब्त किए हैं। यह गिरोह सिबिल स्कोर सुधारने और लोन दिलाने के नाम पर विदेशी नागरिकों से पैसे ऐंठता था।

रिश्वत लेते रेंजर और डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने सुरही रेंज के रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। एक मामले में जब्त गाड़ी को छोड़ने और चालान पेश करने के बदले आरोपियों ने 70 हजार रुपये मांगे थे। एसीबी ने ट्रैप बिछाकर इन्हें कोटा के एक रेस्टोरेंट से गिरफ्तार किया। पिछले दो साल में एसीबी की यह 45वीं बड़ी कार्रवाई है।

अवैध गैस सिलेंडर बेचते दो आरोपी पकड़ाए

तिल्दा-खरोरा रोड पर पुलिस ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेचने की कोशिश कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप गाड़ी में भारी मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर रखकर ग्राहक तलाशे जा रहे हैं। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों के पास से 45 सिलेंडर बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 74 हजार रुपये है। पूछताछ में पता चला कि ये सिलेंडर किसी और के कहने पर बेचे जा रहे थे। पुलिस ने गाड़ी और सिलेंडर जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

कुम्हारी खारुन पुल एक महीने के लिए बंद

दुर्ग से रायपुर आने-जाने वालों के लिए जरूरी खबर है। कुम्हारी स्थित खारुन नदी के पुराने पुल पर मरम्मत का काम शुरू होने वाला है। इस वजह से 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक यह पुल पूरी तरह बंद रहेगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी और पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक के लिए नया रूट चार्ट तैयार किया है। भारी वाहनों को अलग रास्ते से भेजा जाएगा, जबकि हल्के वाहनों के लिए अमलेश्वर और पाटन मार्ग का विकल्प दिया गया है। लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए जगह-जगह संकेतक और पुलिस बल तैनात रहेगा।

आपत्तिजनक फोटो वायरल होने पर IPS रतन लाल डांगी सस्पेंड

छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आईजी रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर उनकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने के बाद शासन ने यह सख्त कदम उठाया है। आदेश में कहा गया है कि अधिकारी का यह व्यवहार सेवा नियमों के खिलाफ है और इससे विभाग की छवि खराब हुई है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय रायपुर रहेगा और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

नक्सलियों को 72 घंटे का अल्टीमेटम: सरेंडर करो या अंजाम भुगतो

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने माओवादियों को आखिरी चेतावनी दी है। केंद्र सरकार की 31 मार्च की समयसीमा के मद्देनजर पुलिस ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। आईजी ने कहा कि नक्सलियों के पास अब सिर्फ 48 से 72 घंटे का समय है। अगर वे हथियार नहीं डालते हैं, तो सुरक्षा बल और भी आक्रामक अभियान चलाएंगे। हाल ही में बड़े माओवादी नेता पापाराव के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस का मनोबल बढ़ा हुआ है।

रजत बंसल बने छत्तीसगढ़ के नए जनसंपर्क आयुक्त

राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। आईएएस अधिकारी रजत बंसल को छत्तीसगढ़ का नया जनसंपर्क आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव और संवाद के सीईओ की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इससे पहले यह पद संभाल रहे डॉ. रवि मित्तल को केंद्र में प्रधानमंत्री कार्यालय में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

जेलों में कैदियों की मौत पर मानवाधिकार आयोग सख्त

छत्तीसगढ़ की जेलों में पिछले चार साल के दौरान 285 कैदियों की मौत होने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और जेल डीजी को नोटिस भेजकर दो हफ्ते में जवाब मांगा है। आयोग ने जेलों में कैदियों की संख्या, डॉक्टरों की कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग जानना चाहता है कि इतनी बड़ी संख्या में हुई मौतों को रोकने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं।

सरकारी बारदाने के घोटाले में दो आरोपी जेल भेजे गए

जशपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत इस्तेमाल होने वाले बारदानों के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 8 लाख 39 हजार रुपये के घोटाले में मुख्य आरोपी रिजवान अली और बारदाना खरीदने वाले सुधीर साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सरकारी दुकानों से बारदाने तो लिए लेकिन उन्हें गोदाम तक नहीं पहुंचाया और बाजार में बेच दिया। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

डाकघरों से अब विदेश भेज सकेंगे पार्सल

रायपुर संभाग के नागरिकों के लिए डाक विभाग ने नई सुविधा शुरू की है। अब संभाग के प्रमुख डाकघरों से अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुक किए जा सकेंगे। लोग अपने जरूरी दस्तावेज या सामान किफायती दरों पर दुनिया के किसी भी कोने में भेज सकते हैं। इसमें ऑनलाइन ट्रैकिंग और बड़े पार्सल के लिए फ्री पिकअप की सुविधा भी दी जा रही है। निजी कूरियर कंपनियों के मुकाबले यह सेवा अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद मानी जा रही है।

Also Read: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का असम में निधन, चुनाव प्रचार के दौरान आया दिल का दौरा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button