CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें पुलिस कस्टडी से महिला फरार और 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड | रायपुर IIM में बीजेपी का चिंतन शिविर संपन्न | महासमुंद में बाढ़ के बीच फंसे 14 मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू | जांजगीर-चांपा में वन विभाग का बुलडोजर एक्शन | लेबर कोड का नया ड्राफ्ट तैयार, गिग वर्कर्स को मिलेगा बड़ा फायदा | सूरजपुर में अवैध खदान धंसने से दो मजदूरों की मौत | रायपुर में 30 मिनट की बारिश से खुली पोल, सड़कों पर भरा पानी | दुर्ग में 1.11 करोड़ का लोन घोटाला, दो गिरफ्तार | संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी की परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल | कोरिया में आदिवासी महिला सरपंच को जिंदा जलाने की धमकी पर केस दर्ज समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
पुलिस कस्टडी से महिला आरोपी फरार, एसपी ने 3 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
छत्तीसगढ़ के लोद में चोरी के आरोप में पकड़ी गई एक महिला आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। यह घटना कोतवाली थाने की है जहाँ शनिवार दोपहर को महिला चकमा देकर भागने में कामयाब रही। इस लापरवाही पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा एक्शन लिया है। ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में प्रधान आरक्षक शिवराम ध्रुव, आरक्षक उमेश निषाद और महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार महिला की तलाश में जगह-जगह छापे मार रही हैं। इसके साथ ही मामले की विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
आईआईएम रायपुर में बीजेपी का चिंतन शिविर संपन्न, सुशासन पर हुआ मंथन
रायपुर में भारतीय जनता पार्टी का दो दिनों का उच्चस्तरीय चिंतन शिविर रविवार को पूरा हो गया। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार के कामकाज को ज्यादा पारदर्शी और जनता के अनुकूल बनाने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया था। बैठक में मुख्य रूप से सरकारी विभागों में नई टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल, सुशासन और नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। इस समापन सत्र को बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनय सहस्त्रबुद्धे ने भी संबोधित किया। उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर सही तरीके से लागू करने के गुर सिखाए।
महासमुंद में बाढ़ के बीच फंसे 14 मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू
महासमुंद के खल्लारी इलाके के जोगी डीपा गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक पुलिया के निर्माण काम में लगे 14 मजदूर अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी के बीच घिर गए। इनमें 10 पुरुष और 4 महिला मजदूर शामिल थीं। जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष से जानकारी मिलते ही नगर सेना की रेस्क्यू टीम आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। तेज बहाव के बीच जवानों ने रस्सी और ट्यूब की मदद से सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन ने मानूसन के दौरान लोगों से नदी-नालों और निर्माणाधीन पुलों से दूर रहने की अपील की है।
जांजगीर-चांपा में तड़के चला वन विभाग का बुलडोजर, विरोध के बाद रुकी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा जिले के अफरीद मुड़पार गांव में वन भूमि पर कब्जे को हटाने के लिए वन विभाग की टीम सुबह 4 बजे जेसीबी लेकर पहुंच गई। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने तीन मकानों को ढहा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें नोटिस तो मिला था लेकिन अधिकारियों ने बारिश के मौसम में कार्रवाई न करने का भरोसा दिया था। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई परिवार बेघर हो गए हैं। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला पंचायत उपाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद कलेक्टर के निर्देश पर इस अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है।
छत्तीसगढ़ लेबर कोड का नया ड्राफ्ट तैयार, गिग वर्कर्स को मिलेगा बड़ा फायदा
छत्तीसगढ़ सरकार ने नए लेबर कोड के तहत ‘मजदूरी संहिता नियम 2026’ का आखिरी ड्राफ्ट तैयार कर शासन को भेज दिया है। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि आम लोगों और कर्मचारी संगठनों के सुझावों के बाद इसे तैयार किया गया है। नए नियम लागू होने से ओला, उबर, जोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले गिग वर्कर्स को भी सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा फिक्स्ड टर्म कर्मचारियों को एक साल की नौकरी पूरी करने पर ग्रेच्युटी मिलेगी। सवैतनिक अवकाश (पेड लीव) के लिए जरूरी कार्य दिवसों की संख्या को भी 240 दिन से घटाकर 180 दिन करने का प्रस्ताव है।
सूरजपुर में अवैध खदान धंसने से दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौत
सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लांची गांव में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहाँ एक अवैध खदान में खुदाई के दौरान अचानक एक भारी-भरकम चट्टान नीचे गिर गई। इस मलबे की चपेट में आने से वहाँ काम कर रहे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध खदान का संचालन कौन कर रहा था और इसके पीछे किसकी लापरवाही है।
रायपुर में आधे घंटे की बारिश से थमी रफ्तार, सड़कों पर भरा घुटनों तक पानी
राजधानी रायपुर में मानसून की पहली जोरदार बारिश ने ही नगर निगम के दावों की हवा निकाल दी है। रविवार को महज 30 मिनट हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए। शास्त्री चौक, फाफाडीह, गुढ़ियारी और कचहरी चौक जैसी जगहों पर सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई दोपहिया वाहनों के इंजन में पानी घुस गया जिससे गाड़ियां बीच सड़क पर बंद हो गईं और लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की ठीक से सफाई नहीं की गई जिससे पानी की निकासी रुक गई।
दुर्ग में बड़ा लोन घोटाला, 267 महिलाओं के नाम पर 1.11 करोड़ की हेराफेरी
दुर्ग जिले के धमधा में महिलाओं के नाम पर दिए जाने वाले लोन में एक करोड़ से ज्यादा के गबन का मामला सामने आया है। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़ी एक निजी फाइनेंस कंपनी की धमधा शाखा में जब ऑडिट हुआ, तो पता चला कि 267 महिला ग्राहकों से वसूली गई किस्त और लोन बंद करने की रकम को कंपनी के खाते में जमा ही नहीं किया गया। कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये से ज्यादा की हेराफेरी के आरोप में पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों अनिल विश्वकर्मा और संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी की परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, गोपनीयता पर विवाद
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं में उत्तरपुस्तिका के मुख्य पृष्ठ पर ही परीक्षा केंद्र और कॉलेज का नाम लिखवाने का एक नया विवाद सामने आया है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्व व्यवस्था के तहत कॉपियों पर सिर्फ कोड डाला जाता था ताकि जांचने वाले को कॉलेज की पहचान न मिले। अब उत्तरपुस्तिका पर सीधे कॉलेज का नाम लिखे होने से मूल्यांकन की निष्पक्षता और गोपनीयता खतरे में पड़ सकती है। इस मामले में एक छात्र की कॉपी की तस्वीर भी सामने आई है जिसमें कॉलेज का नाम साफ दिख रहा है।
कोरिया में आदिवासी महिला सरपंच को जिंदा जलाने की धमकी, दो पर केस दर्ज
कोरिया जिले के सोनहत इलाके में एक पंचायत बैठक के दौरान महिला सरपंच मानमति सिंह को जिंदा जलाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक जयकरण साहू नाम का व्यक्ति पंचायत दफ्तर में अपने निजी बोरवेल के पैसों की मांग करने पहुंचा था। मना करने पर उसने और उसके भतीजे राजेंद्र साहू ने महिला सरपंच के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें हाल ही में हुए नौगई तिहरे हत्याकांड जैसी वारदात की धमकी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।



