Sewagram Project CG Assembly Ajay Chandrakar VIDEO: नवा रायपुर के सेवाग्राम प्रोजेक्ट पर विधानसभा में भारी हंगामा, अजय चंद्राकर ने कहा छत्तीसगढ़ की जनता के पैसे का हुआ दुरूपयोग, प्रोजेक्ट पर फूंक दिए 200 करोड़ रुपये, स्वेच्छाचारिता टिप्पणी पर चंद्राकर और बघेल के बीच तीखी नोकझोक

Sewagram Project CG Assembly Ajay Chandrakar VIDEO: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन में नवा रायपुर के सेवाग्राम प्रोजेक्ट को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच इस योजना पर हुए खर्च को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च करने को लेकर सवाल खड़े किए, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई। दोनों नेताओं के बीच हुई इस नोकझोंक से सदन का माहौल काफी गर्मा गया।

नवा रायपुर सेवाग्राम प्रोजेक्ट पर सदन में हंगामा, भाजपा विधायक ने उठाए लोकधन के खर्च पर सवाल

CG Legislative Assembly Monsoon Session: विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने नवा रायपुर में बन रहे सेवाग्राम की वित्तीय और जमीनी स्थिति को लेकर सवाल पूछा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना में जनता के पैसे का गलत इस्तेमाल किया गया है। चंद्राकर ने इस काम को नियम और कायदों से परे जाकर किया गया निर्माण बताया, जिसके बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य एक-दूसरे के सामने आ गए।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिया खर्च का ब्यौरा

विधायक के सवाल का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन को इस प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवाग्राम बनाने का फैसला पिछली सरकार ने 10 मार्च 2022 को लिया था। इसका मुख्य उद्देश्य महात्मा गांधी के आत्मनिर्भर गांव के सपने को पूरा करना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और स्थानीय कलाकारों को ट्रेनिंग देना था। इस काम के लिए साल 2022 से लेकर 2025 तक के बजट में कुल 129 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।

स्वेच्छाचारिता शब्द पर भड़के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी बहस

चर्चा के दौरान जब अजय चंद्राकर ने कहा कि एक व्यक्ति विशेष की स्वेच्छाचारिता के कारण इस प्रोजेक्ट पर करीब 200 करोड़ रुपये फूंक दिए गए, तो इस पर सदन में हंगामा खड़ा हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तुरंत अपनी सीट पर खड़े हो गए और इस शब्द के इस्तेमाल पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इस पर अपनी सफाई देने की कोशिश की, जिस पर चंद्राकर ने टोकते हुए कहा कि सवाल विभागीय मंत्री से है, इसलिए बघेल को बीच में बोलने की जरूरत नहीं है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चलती रही।

बिना किसी विशेष प्रशासनिक सेटअप के पूरा हुआ निर्माण कार्य

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में बताया कि सेवाग्राम के तहत बनाए जा रहे प्रमुख निर्माण कार्य अब पूरे हो चुके हैं। इसमें बहुउद्देशीय डाइनिंग हॉल, सामुदायिक रसोई घर और प्रसाधन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर 3.72 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि अन्य बड़े निर्माण कार्यों में 104.05 करोड़ रुपये की राशि लगाई गई है। हालांकि, मंत्री ने यह भी साफ किया कि इस पूरे परिसर के देखरेख और संचालन के लिए अभी तक शासन स्तर पर कोई अलग से सेटअप या विभाग स्वीकृत नहीं किया गया है।

अजय चंद्राकर ने कहा सवाल जनता के पैसे और नियमों के पालन का है

मामला बढ़ता देख भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने बाद में अपनी टिप्पणी पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनके कहने का उद्देश्य किसी भी व्यक्ति विशेष को ठेस पहुंचाना या उन पर व्यक्तिगत हमला करना नहीं था। उनका इशारा केवल सरकारी पैसे के सही इस्तेमाल और प्रशासनिक नियमों के पालन को लेकर था। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के टैक्स के पैसे के सही इस्तेमाल पर सवाल उठाना और सरकार से जवाब मांगना उनका अधिकार है।

Also Read: CG Legislative Assembly Lakhan Lal Dewangan Viral Video: विधानसभा में उद्योग मंत्री की फिसली जुबान, भूपेश बघेल को बोल दिया ‘मुख्यमंत्री’, सदन में लगे ठहाके तो मांगनी पड़ी माफ़ी, वीडियो वायरल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button