
Dhamtari Bus Stand Missing Man Case: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति अपने काम पर जाने के लिए बस में सवार हुआ, लेकिन अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सका और रास्ते में ही लापता हो गया। दो-तीन दिनों तक कोई संपर्क न होने पर जब परिजनों को मामले की जानकारी हुई, तो उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामला धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। कांकेर जिले के नरहरपुर की रहने वाली संतोषी दुर्गा अपने पति रवींद्र दुर्गा को ओडिशा जाने वाली बस में बिठाने के लिए धमतरी बस स्टैंड आई थीं। संतोषी दुर्गा अब तक 700 से ज्यादा पोस्टमॉर्टम करने के लिए जानी जाती हैं और अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समय उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से आमंत्रण भी मिला था। वह अपने पति को सुरक्षित बस में बिठाकर वापस नरहरपुर लौट गईं।
तीन दिन बाद खुला लापता होने का राज
पति के रवाना होने के दो-तीन दिनों बाद तक जब उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया, तो संतोषी ने ओडिशा स्थित उनके कार्यस्थल पर फोन किया। वहां से जानकारी मिली कि रवींद्र दुर्गा काम पर पहुंचे ही नहीं हैं। किसी अनहोनी की आशंका के चलते संतोषी तुरंत धमतरी पहुंचीं और सिटी कोतवाली थाने में पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की तलाश
पत्नी की शिकायत के आधार पर धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बस स्टैंड और आसपास के रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यात्री बस से बीच रास्ते में कहां उतरा या उसके साथ क्या घटना घटी।



