CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें भिलाई-पटना सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, डीसीपी के गनमैन की मौत, संविदा कर्मियों का विरोध, बीएसपी स्क्रैप मामला, सुप्रीम कोर्ट का फैसला, हाईकोर्ट की सख्ती, नारायणपुर बाढ़ तबाही, जेल में गांजा तस्करी, बस्तर पंडुम खर्च और सूरजपुर प्रसव लापरवाही समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

भिलाई से पटना तक फैला महादेव सट्टा नेटवर्क, 5 करोड़ का ट्रांजेक्शन, 3 गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार की राजधानी पटना में चल रहे एक पैनल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने नाबालिग समेत तीन ऑपरेटरों को दबोच लिया है। शुरुआती जांच में करीब 5 करोड़ रुपए के डिजिटल लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी भिलाई से पटना पहुंचे थे और वहां एक किराए के अपार्टमेंट में रहकर ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चला रहे थे। इस नेटवर्क का मुख्य सरगना अभी पुलिस की पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

डीसीपी के गनमैन ने खाया जहर, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

रायपुर की अमलीडीह पुलिस कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रैफिक डीसीपी अर्चना झा के गनमैन आरक्षक कुलदीप मिश्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि जवान ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

15 अगस्त की सम्मान सूची पर विवाद, संविदाकर्मियों ने जताया विरोध

दंतेवाड़ा जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मिलने वाले सम्मान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कलेक्टर कार्यालय के आदेश में कहा गया है कि इस बार पुरस्कारों के लिए संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नाम नहीं भेजे जाएंगे। इस आदेश के सामने आने के बाद एनएचएम और अन्य संविदा कर्मचारियों ने इसे उनके साथ सरासर भेदभाव करार दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे भी नियमित कर्मियों की तरह पूरी मेहनत से काम करते हैं, फिर उन्हें सम्मान से वंचित क्यों रखा जा रहा है।

बीएसईएस स्क्रैप चोरी मामला: बीजेपी नेता भास्कर मुदलियार गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से जुड़े लोहा चोरी के चर्चित मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी का स्क्रैप खरीदने के आरोप में बीजेपी वैशाली नगर मंडल के कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस पूरे मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 17 पहुंच गई है। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

गारे पालमा कोयला खदान मामला: सुप्रीम कोर्ट ने एनजीटी का फैसला पलटा

सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित गारे पालमा सेक्टर-2 कोयला खदान मामले में महाजेनको को बड़ी राहत दी है। अदालत ने कंपनी को खनन कार्य जारी रखने की अनुमति दे दी है, हालांकि यह स्पष्ट किया है कि इसके लिए नई जनसुनवाई कराना अनिवार्य होगा। शीर्ष अदालत ने इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी भोपाल स्थित नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल को सौंपी है। कोर्ट ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरणीय नियमों का पालन भी पूरी सख्ती से किया जाना चाहिए।

छत्तीसगढ़ चुनाव से पहले हलचल तेज, हाईकोर्ट ने मांगी पेंडिंग केस रिपोर्ट

बिलासपुर हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ के सांसदों और विधायकों के खिलाफ दर्ज लंबित आपराधिक मामलों पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने सभी निचली अदालतों को इन मामलों की सुनवाई में तेजी लाने और समय पर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। इस सूची में राज्य के कई बड़े और जाने-माने नेताओं के नाम शामिल हैं। हाईकोर्ट के इस सख्त कदम के बाद से राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होगी।

नारायणपुर में भारी बारिश का कहर, बाढ़ में बहीं दो बच्चियां, एक का शव बरामद

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। अबूझमाड़ के ब्रेहबेड़ा गांव में सैलाब आने से 18 मकान ढह गए। पानी के तेज बहाव में दो बच्चियां बह गईं, जिनमें से एक का शव रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया है। दूसरी बच्ची की तलाश के लिए अभी भी खोजबीन जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रायपुर सेंट्रल जेल में अनोखी तस्करी: प्याज और बिस्किट पैकेट में छिपाकर भेजा जा रहा था गांजा

रायपुर केंद्रीय जेल में बंदियों तक नशीली चीजें पहुंचाने के नए और शातिर तरीके सामने आए हैं। जांच के दौरान जेल प्रशासन ने प्याज को खोखला कर और बिस्किट के पैकेट को दोबारा सील कर उसमें गांजा व तंबाकू छिपाए जाने का खुलासा किया है। सतर्कता बरतते हुए जेल स्टाफ ने इन सभी संदिग्ध सामानों को जब्त कर लिया है। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए अब कैदियों के लिए कई जरूरी सामान सीधे जेल कैंटीन से उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है।

बस्तर पंडुम आयोजन: टेंट और पंडाल पर 6 करोड़ का भारी-भरकम बिल, भुगतान के लिए फाइल अटकी

बस्तर पंडुम-2026 के समापन के कई महीने बाद भी उस पर हुए खर्च का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जगदलपुर के लालबाग मैदान में हुए इस वीवीआईपी कार्यक्रम के लिए टेंट और लाइट व्यवस्था का 6 करोड़ 14 लाख रुपए का बिल सामने आया है। आरोप है कि यह पूरा काम बिना किसी तय टेंडर और बजट स्वीकृति के कराया गया था। अब लोक निर्माण विभाग ने इस भारी-भरकम राशि के भुगतान के लिए नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय से बजट आवंटन की मांग की है।

सूरजपुर में प्रशासनिक लापरवाही: रास्ता बंद होने के कारण खेत में हुआ प्रसव

सूरजपुर जिले के धुरिया गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते एक झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। गांव का मुख्य रास्ता बंद होने की वजह से 108 एंबुलेंस प्रसूता के घर तक नहीं पहुंच पाई। परिजनों को मजबूरन महिला को पैदल खेत के रास्ते ले जाना पड़ा, जहां रास्ते में ही प्रसव पीड़ा बढ़ने पर महिलाओं ने चादर और साड़ी का घेरा बनाकर खेत में ही प्रसव कराया। गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Also Read: Raipur Rozgar Mela: रायपुर में 5 अगस्त को 137 पदों पर सीधी भर्ती, 10वीं पास से लेकर इंजीनियरों को मिलेगा मौका!

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button