
CG Grain ATM Annapurti PDS Scheme: छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राशन कार्डधारियों को राशन दुकानों की लंबी कतारों से राहत दिलाने के लिए प्रदेश में ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ की सुविधा शुरू कर दी गई है। शुरुआती चरण में इसे रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जिले में लागू किया जा रहा है। राज्य के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने इस योजना का औपचारिक शुभारंभ किया है।
रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर से हुई योजना की शुरुआत
प्रदेश के तीन प्रमुख शहरी क्षेत्रों रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में स्थापित किए गए ये ग्रेन एटीएम बैंकिंग एटीएम की तरह काम करेंगे। राशन कार्डधारी अब अपनी सहूलियत के हिसाब से किसी भी समय अनाज प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को दुकानों के चक्कर काटने और तय समय में ही राशन लेने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। योजना के विस्तार से हजारों परिवारों को सीधा फायदा पहुंचने की उम्मीद है।
24 घंटे मिलेगी अनाज निकासी की सुविधा
यह प्रणाली 24 घंटे और सातों दिन (24×7) चालू रहेगी। इसके इस्तेमाल की प्रक्रिया को भी काफी सरल रखा गया है। लाभार्थियों को मशीन की स्क्रीन पर अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन या फिंगरप्रिंट के जरिए व्यक्ति की पहचान की पुष्टि की जाएगी। पहचान सत्यापित होते ही राशन कार्ड के अनुसार तय मात्रा में गेहूं या चावल खुद-ब-खुद मशीन से बाहर निकल आएगा।
राशन की कम तौल और कालाबाजारी पर लगेगी रोक
ऑटोमैटिक ग्रेन वितरण व्यवस्था लागू होने से वितरण प्रणाली में मानवीय गलतियों और गड़बड़ी की आशंका खत्म हो जाएगी। मशीन से अनाज का सही वजन मिलेगा, जिससे कम तौल की शिकायतें दूर होंगी। साथ ही, कालाबाजारी पर भी लगाम लगेगी। डिजिटलाइजेशन और आधुनिक तकनीक के इस इस्तेमाल से खाद्य विभाग के कामकाज में पारदर्शिता आएगी और राशन कार्डधारियों का समय भी बचेगा।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
इसी के साथ, प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य भर में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में विभिन्न सांस्कृतिक व देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन भी शेड्यूल किया गया है।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
आयोजनों की श्रृंखला में 7 से 15 अगस्त के बीच जगह-जगह सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गायन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभाजन के दौरान अपनों को खोने वाले लोगों की याद में श्रद्धांजलि सभाएं और प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी, ताकि युवा पीढ़ी को ऐतिहासिक घटनाक्रम और राष्ट्रीय एकता के महत्व के बारे में जानकारी दी जा सके।



