
Abishek Porel Arrested: आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले 23 वर्षीय क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को हुगली पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, निजी पलों का वीडियो रिकॉर्ड करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने कई घंटों की लंबी पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की है। आरोपी क्रिकेटर को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
तीन साल से संपर्क में थे दोनों, मोगरा थाने में दर्ज हुआ केस
पीड़ित छात्रा की शिकायत के अनुसार, वह और अभिषेक पोरेल पिछले करीब तीन वर्षों से संपर्क में थे। क्रिकेटर ने पहली बार जनवरी 2023 में उससे बातचीत शुरू की थी। छात्रा का आरोप है कि 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली में जब उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे, तब पोरेल उसे अपने कमरे पर ले गए और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। छात्रा ने जून 2026 में हुगली जिले के मोगरा थाने में इस घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शादी के वादे से मुकरने और बंधक बनाने का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए थे। इसके बाद क्रिकेटर ने दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी के वादे से मुकर गया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि पोरेल ने उसे गैरकानूनी तरीके से रोककर रखा, खाना नहीं दिया और उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पोरेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
मामला सामने आने के बाद कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने 20 जुलाई को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और उसके पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त करने का स्पष्ट निर्देश दिया था। कोर्ट का मानना था कि डिजिटल डेटा का अन्य लोगों के साथ आदान-प्रदान रोकने के लिए उपकरणों को तुरंत कब्जे में लेना जरूरी है। इसके बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में लगी हुई थीं।
चंदननगर स्थित आवास से देर रात पकड़ाया क्रिकेटर
हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुनार भूषण सिंह ने बताया कि अदालत का आदेश मिलने के बाद से ही पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। आरोपी कई दिनों से अपने ठिकाने बदल रहा था। सोमवार देर रात पुलिस ने चंदननगर स्थित उसके आवास पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी जब्त कर लिए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
क्रिकेटर ने सभी आरोपों को बताया पूरी तरह से बेबुनियाद
मामला दर्ज होने के बाद से ही क्रिकेटर अभिषेक पोरेल इन सभी आरोपों से इनकार करते रहे हैं। उनका कहना था कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी दावे पूरी तरह से झूठे और मनगढ़ंत हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दर्ज एफआईआर में कुल 19 धाराएं लगाई गई हैं और अदालत के आदेश के पालन में ही यह दंडात्मक कदम उठाया गया है। अब पूरे मामले की न्यायिक जांच की जाएगी।
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में रहा है शानदार प्रदर्शन
अभिषेक पोरेल बाएं हाथ के बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 2023 से दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में दिल्ली की ओर से चार पारियों में 108 रन बनाए थे। इसके अलावा वे बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट में 32 फर्स्ट क्लास और 23 लिस्ट ए मैच खेल चुके हैं। वे इंडिया ए टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी जा चुके हैं।



