
Naya Raipur Blue Water Case: नया रायपुर स्थित नकटी गांव की प्रसिद्ध ‘ब्लू वाटर’ खदान में डूबे 24 वर्षीय युवक आदिल खान का शव लगभग 80 घंटे चले लंबे इंतजार के बाद बरामद कर लिया गया है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात युवक का शव खुद-ब-खुद पानी की सतह पर आ गया। वहां मौजूद बचाव दल ने तत्काल शव को पानी से बाहर निकाला और माना थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

दोस्तों के बीच लगी थी तैरकर खदान पार करने की शर्त, गहरे पानी में समाया आदिल
Adil Khan Dead Body Recovered: प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर के मौदहापारा निवासी आदिल खान (24 वर्ष) अपने तीन दोस्तों के साथ बुधवार शाम घूमते हुए नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान पहुंचा था। वहां खदान के पानी को देखकर दोस्तों के बीच एक किनारे से दूसरे किनारे तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। आदिल अपने दोस्त तौफीक के साथ पानी में कूद पड़ा। तैरने के दौरान आदिल अचानक संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में समा गया। उसके दोस्त तौफीक ने किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी।

400 फीट गहरी खदान में बेअसर साबित हुए शुरुआती प्रयास, तीन दिन चला सर्च ऑपरेशन
Raipur Naya Raipur News: ब्लू वाटर खदान की गहराई लगभग 400 फीट बताई जाती है। अत्यधिक गहराई और पानी के नीचे जटिल बनावट के कारण शुरुआती दो-तीन दिनों तक रेस्क्यू अभियान में लगे गोताखोरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से लगातार तीन दिनों तक खदान के कोने-कोने में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आदिल का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

विशाखापट्टनम से बुलाए गए थे नौसेना के गोताखोर, उससे पहले ही सतह पर आया शव
Naya Raipur Blue Water Accident: मामले की गंभीरता और परिजनों की बदहवासी को देखते हुए राज्य प्रशासन के आग्रह पर ईस्टर्न नेवल कमांड (विशाखापट्टनम) से भारतीय नौसेना के विशेषज्ञ गोताखोरों की विशेष टीम बुलाई गई थी। नौसेना की टीम रविवार सुबह से अपना ऑपरेशन शुरू करने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि शव खुद ही पानी के ऊपर आ गया। खबर फैलते ही देर रात ही मौदहापारा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खदान के पास जमा हो गए।

आधी रात को निकाला गया शव, परिजनों को सौंपा गया, खदान में फेंसिंग की उठी मांग
पानी के ऊपर शव दिखने के बाद आधी रात को ही बचाव दल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को मर्चुरी भेजा और फिर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया। इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने नया रायपुर की इस खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए खदान के चारों ओर मजबूत फेंसिंग करने और इसे पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करने की मांग की है।



