
CG Teacher Protest: छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रदेश संयोजकों संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने राज्य के सभी संवर्गों के शिक्षकों से आगामी आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।शिक्षकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के मकसद से 25 अगस्त को एक बड़ा प्रांतीय आंदोलन आयोजित किया जाएगा।इस दिन प्रदेश के तमाम जिला मुख्यालयों में शिक्षक एक साथ एकत्र होंगे और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपेंगे।
टेट से मुक्ति की मुख्य मांग
आंदोलन का मुख्य बिंदु शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टेट की अनिवार्यता से राहत दिलाना है।संघर्ष मोर्चा का कहना है कि सेवा की सुरक्षा और पदोन्नति के मामलों में टेट परीक्षा की शर्त को हटाया जाना चाहिए।लंबे समय से पढ़ा रहे शिक्षकों को इस अनिवार्यता से अलग रखकर पदोन्नति का रास्ता साफ करने की मांग की जा रही है।
पुरानी सेवा की गणना और केंद्रीय वेतनमान
ज्ञापन में शिक्षकों के लिए पूर्ण सेवा सुरक्षा की मांग रखी गई है।इसके साथ ही, पूर्व में की गई सेवा अवधि को जोड़ते हुए पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ देने की बात कही गई है।इसके अलावा, राज्य शासन से शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान के समान लाभ देने और वेतन विसंगति को जल्द से जल्द दूर करने का मुद्दा उठाया गया है।
भर्ती नियमों में संशोधन और बीएड ब्रिज कोर्स
शिक्षक मोर्चा ने 13 फरवरी 2026 के भर्ती तथा पदोन्नति नियमों में सुधार करने का प्रस्ताव रखा है, ताकि शिक्षकों के हित सुरक्षित रह सकें। वहीं, सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और पदोन्नति को ध्यान में रखते हुए ब्रिज कोर्स के माध्यम से बी.एड. कराने का प्रावधान भी ज्ञापन के प्रमुख बिंदुओं में शामिल किया गया है।
संघर्ष मोर्चा की पिछली सफलताएं
शिक्षक संघर्ष मोर्चा का कहना है कि वे पहले भी शिक्षकों के हित में बड़े फैसले करवा चुके हैं। इनमें सभी शिक्षकों का संविलियन कराना और पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करवाना शामिल है। मोर्चा का मानना है कि इस बार भी शिक्षकों के सहयोग से उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक परिणाम हासिल किए जाएंगे।
प्रांतीय संयोजकों की सभी कैडर्स से अपील
संगठन के प्रांतीय संयोजकों ने भावुक अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सभी शिक्षकों के भविष्य और सेवा अधिकारों से जुड़ी है। इसलिए 25 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।है।



