
CG BJP Leader Daughter Missing in Nepal: नेपाल और तिब्बत की सीमा पर आई भीषण बाढ़ के कारण अंबिकापुर के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करताराम गुप्ता की बेटी और इंग्लैंड में कार्यरत चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना गुप्ता इस हादसे के बाद से लापता हैं। वे करीब 80 श्रद्धालुओं के दल के साथ कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी करके वापस लौट रही थीं। नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद से उनका अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिजन बेहद चिंतित हैं।
26 अगस्त को इमिग्रेशन दफ्तर के पास ढही तीन मंजिला इमारत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. मीना गुप्ता अपने दल के साथ 23 अगस्त को कैलाश मानसरोवर के दर्शन पूरे कर चुकी थीं। इसके बाद 26 अगस्त को उनका पूरा समूह नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित इमिग्रेशन कार्यालय पहुंचा, जहां कागजी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही थीं। इसी दौरान अचानक आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की वजह से तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे के बाद से डॉ. मीना समेत दल के कई सदस्यों का कोई पता नहीं चल सका है।

रक्षाबंधन पर पिता से दिल्ली में होने वाली थी मुलाकात
डॉ. मीना के पिता और भाजपा नेता करताराम गुप्ता फिलहाल दिल्ली में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि बेटी ने उन्हें भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने का आग्रह किया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे नहीं जा सके थे। रक्षाबंधन के मौके पर डॉ. मीना की दिल्ली आकर अपने पिता से मिलने की योजना थी। लेकिन त्यौहार से ठीक पहले नेपाल से आई इस खबर ने पूरे परिवार को गहरा झटका दिया है। नेपाल में संचार नेटवर्क ठप होने से भी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
इंग्लैंड में चर्म रोग विशेषज्ञ हैं डॉक्टर मीना गुप्ता
डॉ. मीना गुप्ता मूल रूप से अंबिकापुर की रहने वाली हैं और उनकी शुरुआती पढ़ाई स्थानीय होलीक्रॉस स्कूल में हुई थी। मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पिछले कई वर्षों से इंग्लैंड में रहकर बतौर चर्म रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रही हैं। परिजनों के मुताबिक वे 14 अगस्त को ब्रिटेन से दिल्ली आई थीं और इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु और 80 लोगों के जत्थे के साथ काठमांडू के लिए रवाना हुई थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने अपनी बड़ी बहन को वीडियो कॉल करके मानसरोवर के दर्शन भी कराए थे।

कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है। उन्होंने भाजपा नेता करताराम गुप्ता को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार, विदेश मंत्रालय और केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। नेपाल स्थित भारतीय दूतावास के जरिए राहत और बचाव टीम से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है ताकि लापता श्रद्धालुओं की जल्द से जल्द जानकारी मिल सके।



