सुपेला गांव में नवविवाहिता की मौt का खुला राज, फांसी नहीं पति ने नायलॉन की रस्सी से घोंटा था गला, इस बात से था नाराज

Dhamtari Murder Case: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सुपेला गांव में हुई नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सुलझ गया है। भखारा थाना पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर जांच पूरी कर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला की मौत आत्महत्या या दिल का दौरा पड़ने से नहीं हुई थी, बल्कि उसके पति ने ही गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। आरोपी ने घटना को दूसरा रूप देने और पुलिस को भटकाने की पूरी कोशिश की, लेकिन फोरेंसिक जांच के सामने उसकी साजिश ज्यादा देर टिक नहीं सकी।

जन्माष्टमी के दिन हुई थी घटना

घटना जन्माष्टमी के दिन यानी 5 सितंबर की है, जब सुपेला गांव में वीणा उर्फ बबली ठाकुर की मौत की खबर भखारा थाने को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने जब शव का मुआयना किया तो गले पर किसी पतली रस्सी या कपड़े से कसे जाने के गहरे निशान मिले। इस दौरान मृतका के मायके वालों ने दामाद पर सीधे हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पति ने बनाई थी दिल का दौरा पड़ने की झूठी कहानी

शुरुआती पूछताछ में मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने बयान दिया कि वह खेत से घर लौटा तो वीणा कमरे में गई थी। शाम को जब उसने कमरे में देखा तो उसकी हालत बिगड़ी हुई थी। आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर आसपास के लोगों को बताया कि महिला को अचानक दिल का दौरा पड़ा है। हालांकि मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया सच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मौत की प्रकृति होमीसाइडल यानी हत्यात्मक है और गला घोंटने के कारण सांस रुकने से जान गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच की दिशा बदली और शक के दायरे में आए पति विवेक ध्रुव को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की।

चरित्र शंका और विवाद में ली पत्नी की जान

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी विवेक ध्रुव टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत करने का शक था। इसी चरित्र शंका को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 4 सितंबर की शाम को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने आक्रोश में आकर नायलॉन की रस्सी से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया।

फांसी का रूप देने की कोशिश और गिरफ्तारी

हत्या करने के बाद आरोपी घबरा गया था और कानून की गिरफ्त से बचने के लिए उसने शव को फांसी के फंदे पर लटकाने की कोशिश की, ताकि मामला आत्महत्या लगे। इसमें सफलता न मिलने पर उसने दिल के दौरे की अफवाह फैलाई। जुर्म साबित होने के बाद भखारा थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।।

Also Read: मगरलोड में रातभर कमरे में कैद रहे मां-बाप, सुबह हॉल में फंदे पर लटकी मिली 26 साल की बेटी, जानिए क्या है पूरा मामला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button