
Magarlod News: धमतरी जिले के मगरलोड नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय युवती लता सिन्हा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि कदम उठाने से पहले युवती ने अपने माता-पिता को उनके कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। इसके बाद उसने घर के हॉल में जाकर यह आत्मघाती कदम उठाया।

रात में खाना खाने के बाद बाहर से बंद कर दिया दरवाजा
Magarlod Suicide Case Update: मृतका के पिता हीरालाल सिन्हा के अनुसार घटना वाली रात घर में माहौल बिल्कुल सामान्य था। पूरे परिवार ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद माता-पिता अपने कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान लता कमरे के पास आई और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। माता-पिता को शुरुआत में लगा कि बेटी मजाक कर रही है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला और दोनों रातभर कमरे में ही कैद रहे।
सुबह रिश्तेदारों को दी सूचना, ताला तोड़कर निकाले गए बाहर
सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पिता ने फोन के जरिए अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रिश्तेदार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटना की जानकारी डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों की मदद से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा गया। कमरे से बाहर निकलते ही जब परिजन हॉल की तरफ पहुंचे तो वहां बेटी का शव फंदे पर लटका देखकर सन्न रह गए।

परिजनों ने गांव के बैगा से संपर्क पर उठाए सवाल
घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक बैगा पर आशंका व्यक्त की है। परिजनों का कहना है कि बीते कुछ समय से लता का उस बैगा के पास आना-जाना बढ़ गया था। वह उससे फोन पर भी काफी देर तक बातचीत करती थी। परिजनों को अंदेशा है कि लता किसी मानसिक दबाव या डर में हो सकती थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही बैगा की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।
मोबाइल जब्त, कॉल डिटेल खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब फोन की कॉल डिटेल और अन्य जानकारियों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले युवती किन लोगों के संपर्क में थी और उसकी आखिरी बार किससे बात हुई थी।

आत्महत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
युवती द्वारा माता-पिता को बंद करके खुदकुशी करने का तरीका पुलिस के लिए भी जांच का विषय बना हुआ है। आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या वह किसी दबाव में थी, इन सभी बिंदुओं पर तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल मगरलोड थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



