
CG Politics Big Statement: छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी सांगठनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। बिलासपुर में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय संगठन निर्माण और प्रशिक्षण शिविर के समापन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई वरिष्ठ और असंतुष्ट नेता इस समय कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में हैं। बैज ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में बड़े सियासी उलटफेर देखने को मिलेंगे।
‘ढालदास का प्रवेश केवल ट्रेलर है’
CG Congress Joining Controversy:दीपक बैज ने कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढालदास के कांग्रेस में शामिल होने का जिक्र करते हुए इसे एक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि ढालदास का पार्टी में आना केवल एक ट्रेलर है। भाजपा के भीतर कई नेता और कार्यकर्ता वर्तमान व्यवस्था से असंतुष्ट हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा के कई नाराज नेता कांग्रेस का रुख करने की तैयारी में हैं और सही वक्त आने पर इसका असर सब के सामने होगा।
गुरु बालदास के बड़े बेटे ने थामा कांग्रेस का हाथ
CG Political Update: उल्लेखनीय है कि सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे और मंत्री खुशवंत साहेब के भाई ढालदास ने हाल ही में रायपुर में आयोजित तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की सदस्यता ली थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पार्टी में प्रवेश कराया था। कांग्रेस इस घटनाक्रम को मैदानी स्तर पर अपने पक्ष में एक बड़ी राजनीतिक बढ़त के रूप में देख रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर सााधा निशाना
Deepak Baij Target CM Sai: प्रशिक्षण शिविर के दौरान पीसीसी चीफ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासियों के मुख्य मुद्दों को हल करने में विफल रही है। बैज ने कहा कि सरकार की नीतियां केवल कागजों तक सीमित हैं और जमीनी स्तर पर आम जनता तथा जनजातीय वर्ग को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
‘भाजपा में जाने वाले नेताओं को नहीं मिल रहा सम्मान’
कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए नेताओं पर निशाना साधते हुए दीपक बैज ने कहा कि जो लोग पार्टी बदलकर गए थे, वे अब अलग-थलग पड़ चुके हैं। कांग्रेस में रहते हुए जिन्हें अग्रिम पंक्ति में स्थान और सम्मान मिलता था, वे आज भाजपा में पीछे की लाइनों में भी नजर नहीं आते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाती है।
3 दिवसीय शिविर के मंथन को बताया ‘अमृत’
बिलासपुर में चले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता पर बैज ने कहा कि इस मंथन से केवल पार्टी को मजबूती देने वाला निष्कर्ष निकला है। शिविर में शामिल हुए मास्टर ट्रेनर और ब्लॉक अध्यक्ष अब अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे।
आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस ने कसी कमर
बिलासपुर का यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस की दूरगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी अब ब्लॉक और बूथ स्तर पर अपनी इकाइयों को सक्रिय करने में जुट गई है। दीपक बैज के आक्रामक तेवरों से साफ है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलनों को और तेज करेगी और भाजपा के भीतर की गुटबाजी को भुनाने की पूरी कोशिश करेगी।



