
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल धीमी पड़ने से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बारिश थमने और तेज धूप खिलने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ ग्रामीण और वनांचल इलाकों में हल्की बौछारों ने राहत भी दी है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम बनी रहेगी, जिसके बाद मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है। अब तक राज्य में औसत से केवल 5 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है, जिसे सामान्य माना जा रहा है।
राजनांदगांव में दर्ज हुआ सर्वाधिक तापमान और पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा
CG Weather Today Forecast: बीते मंगलवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के सीमित इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान जगदलपुर में सबसे ज्यादा 6 सेंटीमीटर, घुमका में 4 सेंटीमीटर और कुटरू में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो 35 डिग्री सेल्सियस के साथ राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं, पेंड्रा रोड में सबसे कम 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल
Today Raipur Weather Update: मौसम केंद्र के अनुसार, राजधानी रायपुर में 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 16 सितंबर को शहर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। दोपहर या शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

मानसून द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण का असर
CG Today Weather News: मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में मानसून द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र से होकर उदयपुर, रायसेन, पेंड्रा रोड, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से अगले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि चार दिनों के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियों में पुनः तेजी आने के आसार हैं।



