
Smriti Irani CG BJP Incharge: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सांगठनिक फेरबदल करते हुए देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस नई सूची में सबसे प्रमुख नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी का है, जिन्हें छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है।उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को राज्य का सह प्रभारी बनाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान और आक्रामक शैली के लिए जानी जाने वाली स्मृति ईरानी के आने से छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन को नई प्रशासनिक और रणनीतिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी संभालेंगी प्रभार
BJP State Incharge Announcement: पार्टी द्वारा जारी नई सांगठनिक जिम्मेदारियों के तहत स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ-साथ हरियाणा राज्य के प्रदेश प्रभारी की कमान भी सौंपी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा केंद्रीय संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय और स्थानीय चुनावों को देखते हुए स्मृति ईरानी की नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है। वे जल्द ही रायपुर पहुंचकर प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और मोर्चा-प्रकोष्ठों के संयोजकों के साथ बैठक कर राज्य में सांगठनिक कामकाज का जायजा लेंगी।

राज्य संगठन में जमीनी स्तर पर मिलेगी नई ऊर्जा
पूर्व में केंद्रीय मंत्री के रूप में महिला एवं बाल विकास, वस्त्र और सूचना प्रसारण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुकीं स्मृति ईरानी को संगठन का लंबा अनुभव रहा है। छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की बड़ी संख्या और राज्य की सामाजिक संरचना को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण प्रभार दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके मार्गदर्शन से राज्य में भाजपा के अभियानों को गति मिलेगी और राज्य सरकार के साथ संगठन का तालमेल और अधिक मजबूत होगा।





