CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज, कांकेर CMHO डॉ. राम चन्द्र ठाकुर निलंबित, प्रमुख हाईवे पर बनेंगे वे-साइड एमिनिटीस सेंटर, सूरजपुर में नकली शराब कारोबार का पर्दाफाश, कोरबा में एएसआई पर केस दर्ज, बिलासपुर में डीजे विवाद पर हमला, पुरानी पेंशन हेतु शिक्षकों का सत्याग्रह, कुसमुंडा विस्थापितों की दंडवत यात्रा, कांग्रेस विधायक दल की बैठक और मनेन्द्रगढ़ में 4.69 करोड़ का गांजा जब्त समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज, यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू

रायपुर में आज प्रसिद्ध गणेश विसर्जन झांकी निकाली जा रही है। झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से रवाना होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार और लाखेनगर होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। सुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर झांकी मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए शाम 7 बजे से टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड की ओर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना पर कांकेर CMHO डॉ. राम चन्द्र ठाकुर निलंबित

छत्तीसगढ़ शासन ने कांकेर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राम चन्द्र ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बिलासपुर हाईकोर्ट में जारी एक याचिका के मामले में प्रभारी अधिकारी होने के बावजूद समय पर जवाबदावा पेश न करने पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई थी। शासन ने इसे सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना और निलंबन आदेश जारी करते हुए उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय, बस्तर नियत किया है।

रायपुर-जगदलपुर और बिलासपुर हाईवे पर बनेंगे हाईटेक वे-साइड एमिनिटीस सेंटर

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल राज्य के प्रमुख व्यस्त हाईवे मार्गों—रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा पर आधुनिक ‘वे-साइड एमिनिटीस सेंटर’ विकसित करने जा रहा है। इन केंद्रों पर पेट्रोल पंप, ईवी (EV) चार्जिंग स्टेशन, विशाल पार्किंग और अंतरराष्ट्रीय फूड ब्रांड्स के साथ-साथ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों (जैसे चीला, फरा, अंगाकर रोटी) के आउटलेट एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।

सूरजपुर में नकली शराब बनाने के काले कारोबार का पर्दाफाश, 1 आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर जिले की कुमदा बस्ती में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर अवैध शराब रिपैकिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। एक घर के कमरे से 2500 नकली ढक्कन, 200 नामी ब्रांड्स के नकली रैपर, खाली शीशियां और 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त की गई। मामले में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

नशे में धुत ASI ने कार को मारी टक्कर, मोटरयान अधिनियम के तहत केस दर्ज

कोरबा के पावर हाउस रोड पर बुधवार देर रात कुसमुंडा थाने में पदस्थ एएसआई अश्विनी वर्मा ने शराब के नशे में अपनी कार से सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार को दो बार टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों से बहस करने वाले एएसआई के खिलाफ पुलिस ने मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीजे बजाने से मना करने पर युवकों पर चाकू व डंडों से हमला

बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलसो में डीजे न बजाने को लेकर हुए विवाद में युवकों के एक समूह ने रास्ते में गाड़ी रोककर पीड़ितों पर चाकू और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिंटू वर्मा और दुर्गेश गोंड को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और डंडा बरामद कर लिया है।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर 2 अक्टूबर से रायपुर के तूता में शिक्षकों का सत्याग्रह

प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के आह्वान पर वर्ष 1998-99 से नियुक्त एलबी संवर्ग के शिक्षक 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) से रायपुर के तूता मैदान में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन शुरू करेंगे। संघ की मुख्य मांग है कि पूर्व सेवा को शून्य मानने के बजाय उनकी वास्तविक नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पुरानी पेंशन (OPS) और अन्य वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएं। इसमें राज्यभर से 3,000 से अधिक शिक्षक शामिल होंगे।

कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित 200 परिवारों की 28 सितंबर को दंडवत यात्रा

एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित दर्री तहसील के ग्राम चंद्रनगर-जटराज के लगभग 200 परिवारों ने बिना वैकल्पिक बसाहट और मूलभूत सुविधाएं दिए मकान खाली कराने व डोजरीकरण की चेतावनी का विरोध किया है। इसके खिलाफ प्रभावित ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के साथ 28 सितंबर को घंटाघर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक ‘दंडवत न्याय यात्रा’ निकालेंगे।

नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की मौजूदगी में कांग्रेस विधायक दल की बैठक

रायपुर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास पर कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक संपन्न हुई। नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा रणनीति, वोट चोरी के आरोपों और एसआईआर (SIR) के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई।

मनेन्द्रगढ़ में 4.69 करोड़ का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय गिरोह के 6 तस्कर गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले की पुलिस ने NH-43 पर नाकेबंदी के दौरान गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.59 करोड़ रुपये है। मामले में वाहनों समेत कुल 4.69 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

Also Read: बिना गारंटी मिलेगा 3 लाख रुपये का लोन, जानिए सरकार की इस योजना में कैसे करें आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button