
Chhattisgarh All Liquor Shops Closed: छत्तीसगढ़ के शराब प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में शुष्क दिवस (Dry Day) रहेगा। इस दिन राज्य भर में संचालित देशी और विदेशी मदिरा की दुकानें, प्रीमियम दुकानें, बार और अहाते पूरी तरह बंद रखे जाएंगे। जिला प्रशासनों ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
कोरबा जिले में मदिरा दुकानों की सीलबंदी के निर्देश
कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने 2 अक्टूबर को जिले में पूर्ण शुष्क दिवस घोषित करते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार जिले में स्थित समस्त देशी-विदेशी मदिरा दुकानें, प्रीमियम व कम्पोजिट दुकानें, एफएल-3, एफएल-3 क तथा सभी अहाते पूरी तरह बंद रहेंगे। कलेक्टर ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मदिरा बंदी की पूर्व संध्या को निर्धारित समय के तुरंत बाद सभी दुकानों को सीलबंद किया जाए।
मुंगेली में भी पूरी तरह बंद रहेंगे बार और अहाते
मुंगेली जिले में भी गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को 1 दिन का शुष्क दिवस घोषित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने जिले की सभी देशी व विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, कम्पोजिट दुकानों, अहातों और होटल बार को बंद रखने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही जिले में स्थित आसवनी से शराब के परिवहन, आयात और निर्यात पर भी पूरी तरह से रोक रहेगी।
अवैध बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग मुस्तैद
शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों, ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी उड़नदस्ता टीमों को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जा सके।
आदेश के उल्लंघन पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई दुकान तय समय के बाद खुली पाई जाती है या अवैध रूप से मदिरा बेचने की कोशिश की जाती है, तो संबंधितों के खिलाफ मामला दर्ज कर दुकान का लाइसेंस रद्द करने जैसी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Also Read: आम जनता या दुकानदार, किसे देना होगा UPI चार्ज? जानिए 15 अक्टूबर से आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर



