Dhamtari Paddy Scam: धमतरी के इस गांव में खेत में खड़ी थी फसल और दर्ज हो गई 42 क्विंटल धान की बिक्री, पटवारी व सरपंच की मौजूदगी में बना पंचनामा, उठे गंभीर सवाल

Dhamtari Paddy Scam News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सांकरा सोसायटी से एक गंभीर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि जिस खेत में धान की फसल खड़ी थी और जिसकी कटाई तक शुरू नहीं हुई थी, उसी खेत के रकबे के आधार पर सरकारी रिकॉर्ड में 42 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज कर ली गई। चौंकाने वाली बात यह है कि धान की बिक्री दर्ज होने के ठीक अगले दिन बैंक स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। मामला सामने आने के बाद खेत में कटाई करने के प्रयास और सोसायटी की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिसके बाद प्रकरण जिला प्रशासन तक पहुंच गया है।

एग्रीस्टैक पोर्टल के रकबे पर पंद्रह नवंबर को हुई बिक्री

Dhamtari Agristack Survey Audit:शिकायत के विवरण के अनुसार ग्राम सांकरा निवासी तरुण पिता मोहन सिन्हा के नाम पर एग्रीस्टैक पोर्टल में हिंछापुर स्थित खसरा नंबर 124 दर्ज है, जिसका कुल रकबा 0.4800 हेक्टेयर बताया गया है। आरोप है कि इसी रकबे के आधार पर 15 नवंबर को टोकन क्रमांक टीके 59001901262700627 के माध्यम से 42 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई। इसके महज एक दिन बाद यानी 16 नवंबर को बैंक के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी गई।

फसल खड़ी होने के बावजूद बिक्री दर्ज होने पर सवाल

CG Dhan Kharidi Irregularities: शिकायतकर्ता प्रेम नारायण सिन्हा ने बताया कि 15 नवंबर को जब 42 क्विंटल धान की बिक्री का रिकॉर्ड दर्ज हुआ, तब संबंधित खेत में फसल पूरी तरह खड़ी थी और कटाई का काम शुरू ही नहीं हुआ था। ऐसे में बिना कटाई किए इतनी बड़ी मात्रा में धान कैसे बिक गया, यह अपने आप में बड़ा सवाल है। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि शिकायत की भनक लगते ही खेत में कटाई करने की कोशिश की गई ताकि यह दिखाया जा सके कि खरीदी गई उपज इसी खेत से निकली है, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों के कारण कटाई नहीं हो सकी।

सोसायटी का प्रतिनिधि नहीं पहुंचा और बना पंचनामा

Dhamtari News: शिकायतकर्ता के मुताबिक खेत में कटाई के प्रयास की सूचना मिलने पर स्थिति की पुष्टि और पंचनामा बनाने के लिए समिति को सूचित किया गया था। इसके बावजूद समिति का कोई भी प्रतिनिधि घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। अंततः पटवारी, कोटवार, सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया तथा खेत में खड़ी फसल की वास्तविक स्थिति दर्शाने के लिए जियोटैग तस्वीरें भी ली गईं, जिन्हें शिकायतकर्ता ने साक्ष्य के रूप में पेश किया है।

डिजिटल क्रॉप सर्वे और सत्यापन प्रणाली पर उठे प्रश्न

इस खरीफ सीजन में धान खरीदी के दौरान फर्जीवाड़े रोकने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए दर्ज रकबे और बायोमेट्रिक सत्यापन को बेहद सख्त व्यवस्था माना गया था। इसके बावजूद यदि खेत की जमीनी स्थिति और धान खरीदी के रिकॉर्ड में बड़ा अंतर दिखाई देता है, तो यह पूरी प्रणाली पर सवाल खड़े करता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पहले भी इस संभावित गड़बड़ी की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और पंचनामा के समय समिति प्रतिनिधि की गैरमौजूदगी ने संदेह को और गहरा कर दिया है।

भुगतान पर तत्काल रोक लगाने की की गई मांग

इस पूरे प्रकरण को लेकर प्रेम नारायण सिन्हा ने जिला कलेक्टर, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और सिहावा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है। उन्होंने पंचनामा प्रति और जियोटैग तस्वीरों को जांच के दायरे में लेकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने संबंधित धान खरीदी के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध भी किया है ताकि संदिग्ध राशि का आहरण न हो सके।

दोषी किसान और समिति प्रबंधक पर एफआईआर की मांग

शिकायतकर्ता ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि यदि जांच में गड़बड़ी और अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित किसान, समिति प्रबंधक और खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

प्रशासनिक जांच के बाद साफ होगी पूरे मामले की तस्वीर

फिलहाल यह पूरा मामला राजस्व और पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आ गया है और प्रारंभिक स्तर पर दस्तावेजों की पड़ताल की बातें सामने आ रही हैं। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि 42 क्विंटल धान की बिक्री किन परिस्थितियों और किस स्तर की चूक या मिलीभगत से दर्ज की गई, साथ ही इस मामले में किसकी जवाबदेही तय होती है।

Also Read: Dhan Kharidi 2026: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के पहले ही दिन खुली व्यवस्था की पोल, फटे बारदाने, मशीन खराब और कई जगहों पर नहीं हुई बोहनी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button