सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को मिला 350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, वैलेंसी इंटरनेशनल करेगी इन्वेस्ट, फूड प्रोसेसिंग, एक्सपोर्ट हब और AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस होगा स्थापित

Chhattisgarh Investment Update: छत्तीसगढ़ में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। राज्य में जल्द ही एक अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड एग्रो-फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित होने जा रहा है। सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वहां की प्रतिष्ठित एग्रीबिजनेस कंपनी वैलेंसी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को 350 करोड़ रुपये के निवेश का आधिकारिक प्रस्ताव सौंपा। कंपनी ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए राज्य में निवेश करने का फैसला किया है।

छत्तीसगढ़ में स्थापित होगा इंटीग्रेटेड एग्रो-फूड हब

CM Vishnu Deo Sai Singapore Visit: वैश्विक स्तर पर 22 से अधिक देशों में व्यापार करने वाली वैलेंसी इंटरनेशनल कंपनी छत्तीसगढ़ में इंटीग्रेटेड एग्रो और फूड प्रोसेसिंग हब तैयार करेगी। इस हब के बन जाने से राज्य के कृषि क्षेत्र को नया आयाम मिलेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस महत्वपूर्ण निवेश साझेदारी की जानकारी साझा की है।

काजू, तिल और दालों की होगी प्रोसेसिंग

Chhattisgarh Agro Export Hub: इस नए एक्सपोर्ट हब में विशेष रूप से काजू, तिल, दालों और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। अब तक राज्य के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बाहरी बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस हब के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही फसलों का वैल्यू एडिशन होगा। इससे किसानों को उपज का बेहतर दाम मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

SING फोरम 2026 में मिला ₹43,250 करोड़ के FDI का वादा

SING Forum 2026 CG: सिंगापुर में आयोजित SING फोरम 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ को कुल 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के प्रस्ताव मिले हैं। इनमें एग्रो-प्रबंध के साथ-साथ डिजिटल और ग्रीन एनर्जी सेक्टर भी शामिल हैं। सिंगापुर के इस सम्मेलन ने छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद के रूप में पेश करने में अहम भूमिका निभाई है।

एआई डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी में भी होगा भारी निवेश

प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से एनर्जी कैपिटल ग्लोबल कंपनी 41,750 करोड़ रुपये की लागत से 100 मेगावॉट क्षमता वाला एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी। इसके अलावा सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी कंपनी राज्य के सोलर, बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट निर्माण क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश करेगी। इन परियोजनाओं से राज्य का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री साय ने बताया सुशासन और नीतियों का परिणाम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन वैश्विक निवेश प्रस्तावों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सब राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों और उद्योग अनुकूल माहौल का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ‘खेत से ग्लोबल बाजार तक’ की सोच के साथ एक विकसित अर्थव्यवस्था बनाना है। इन निवेशों से डिजिटल नेटवर्क सुदृढ़ होगा और प्रदेश के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए मौके मिलेंगे।

Also Read: Gaudham Yojana: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया 11 जिलों में 29 गौधाम योजना किया शुभारंभ

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button