
Black Rice Farming In CG: छत्तीसगढ़ के जांजगीर क्षेत्र अंतर्गत सेंदरी गांव के प्रगतिशील किसान उज्ज्वल पांडेय ने पारंपरिक धान की खेती से अलग हटकर अधिक मुनाफे की एक सफल योजना तैयार की है। उन्होंने इस खरीफ सीजन में अपने 6 एकड़ खेत में काले चावल यानी काला धान की फसल लगाई है। सामान्य धान की तुलना में कई गुना अधिक लाभ देने वाली इस खेती को देखने के लिए अब आसपास के गांवों के किसान भी उनके खेत पर पहुंच रहे हैं और आगामी सीजन में इसी तरह की उन्नत खेती अपनाने की बात कह रहे हैं।
समर्थन मूल्य के मुकाबले मिलेगा कई गुना अधिक दाम
Janjgir Progressive Farmer Success: वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर सामान्य धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। इसके विपरीत सेंदरी गांव के किसान उज्ज्वल पांडेय द्वारा उत्पादित काले चावल की खरीदारी 30 हजार से लेकर 35 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक होने जा रही है। वर्षों से पारंपरिक धान उगा रहे उज्ज्वल को अन्य किसानों के माध्यम से काले धान की विशेषता और इसके बाजार मूल्य की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने बीज मंगवाकर पहली बार बड़े स्तर पर इसकी खेती शुरू की।

जैविक विधि से की गई खेती और कंपनी से हुआ अनुबंध
Organic Black Rice Agriculture CG: किसान उज्ज्वल पांडेय ने जानकारी दी कि उन्होंने यह पूरी फसल बिना रासायनिक खाद के शुद्ध जैविक पद्धति से तैयार की है। उपज की बिक्री को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंने पहले से ही एक निजी कंपनी के साथ विधिवत एग्रीमेंट कर लिया है। इस वर्ष फसल की अच्छी पैदावार और ऊंचे दाम मिलने की उम्मीद से उत्साहित होकर उन्होंने तय किया है कि अगले साल वे काले धान की खेती का रकबा और अधिक बढ़ाएंगे।

पोषक तत्वों और विदेशी मांग के कारण मिलती है ऊंची कीमत
Black Rice Demand And Price: सेंदरी गांव में काले धान की सफल खेती अब क्षेत्र के अन्य अन्नदाताओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. केडी महंत का कहना है कि काला चावल औषधीय गुणों और पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जिसके कारण स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के बीच इसकी काफी मांग रहती है। भारत के बड़े शहरों के साथ ही विदेशों में भी काले चावल का बड़ा बाजार होने से यह काफी ऊंचे दामों पर बिकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति तेजी से मजबूत हो सकती है।



