सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, पीड़िता की निजता भंग करने पर दर्ज थी FIR, पुलिस कर रही कोर्ट में पेश करने की तैयारी

Akanksha Toppo Controversy:छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर से एक बड़ा मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल चेकअप कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की। 4 अक्टूबर की रात पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद अंसारी समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया था।

पीड़िता की पहचान उजागर करने और आपत्तिजनक सामग्री का आरोप

Ambikapur Police Action: गंगापुर निवासी शैलेंद्र शर्मा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोप है कि आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद ने एक बलात्कार पीड़िता की विकट स्थिति का अनुचित लाभ उठाया। उन्होंने पीड़िता का साक्षात्कार लेते समय उसके निजी अंगों से जुड़े अमर्यादित सवाल पूछे और पीड़िता की पहचान उजागर करते हुए उसकी निजता भंग की। इस अश्लील और विवादित वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित भी किया गया।

बीएनएस की गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

Ambikapur Cross FIR Case: मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत केस दर्ज किया था। शिकायत में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि पीड़िता का इंटरव्यू लेकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा आकांक्षा टोप्पो पर सोशल मीडिया के जरिए लगातार अभद्र भाषा और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के भी आरोप लगे हैं।

सीतापुर थाने में पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

Ambikapur Crime News: आकांक्षा टोप्पो का विवादों से पहले भी नाता रहा है। इससे पूर्व सरगुजा जिले के सीतापुर थाने में भी उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जा चुका है। हालांकि उस समय पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत उन्हें थाने से ही चेकलिस्ट पर रिहा कर दिया था। इस बार मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सीधे गिरफ्तारी का कदम उठाया है।

बीजेपी नेताओं के खिलाफ भी दर्ज हुई क्रास एफआईआर

Ambikapur Influencer Arrested: इस पूरे घटनाक्रम में राजनीतिक मोड़ भी सामने आया है। पीड़िता के चरित्र पर लांछन लगाने के आरोप में पुलिस ने भाजपा नेता रवींद्र तिवारी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर 4 अक्टूबर को ही भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। धीरज सिंह पर आकांक्षा को धमकाने, कार का पीछा करने और एट्रोसिटी एक्ट (SC/ST Act) की धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर शहर में उत्सुकता

अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने इस बहुचर्चित मामले में मुख्य आरोपी आकांक्षा टोप्पो को तो सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन मामले से जुड़े अन्य सह-आरोपियों अकील अहमद अंसारी, भाजपा नेता रवींद्र तिवारी और धीरज सिंह की गिरफ्तारी अभी बाकी है। शहर में इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि पुलिस इन अन्य आरोपियों के खिलाफ कब तक ठोस दंडात्मक कार्रवाई करती है।

Also Read: 25 करोड़ की रंगदारी मामले में शोएब ढेबर फरार, रायपुर पुलिस ने रखा 5 हजार का इनाम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button