
Mahadev Betting App News: महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप सिंडिकेट मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच टीवी प्रेजेंटर और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा ने एक बड़ा कदम उठाया है। शेफाली ने अवैध ऐप के प्रमोशन के एवज में मिली रकम में से 1.20 करोड़ रुपये स्वेच्छा से ED को सौंप दिए हैं। जांच एजेंसी ने रायपुर की विशेष अदालत में दाखिल अपनी पूरक चार्जशीट में इस बात का आधिकारिक जिक्र किया है। संभवतः यह पहला ऐसा मामला है जहां किसी चर्चित हस्ती ने सट्टेबाजी सिंडिकेट से मिली कमाई को खुद जांच एजेंसी के पास जमा कराया है।
दो डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जमा कराई रकम, 30 लाख कैश पहले हुआ था जब्त
ED Mahadev App Charge Sheet: ED की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, शेफाली बग्गा को महादेव ऐप के प्रमोशनल वीडियो और सोशल मीडिया कैंपेन के लिए कुल 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। पूर्व में हुई छापेमारी के दौरान एजेंसी ने शेफाली के परिसरों से 30 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। इसके बाद पूछताछ के दौरान शेफाली ने 50 लाख रुपये और 70 लाख रुपये के दो अलग-अलग डिमांड ड्राफ्ट (DD) के जरिए कुल 1.20 करोड़ रुपये की शेष राशि ED अधिकारियों को सौंप दी।
अनजाने में हुआ प्रमोशन, ऐप के अवैध होने की जानकारी नहीं थी
Shefali Bagga Mahadev App Controversy: जांच एजेंसी के सामने अपना रुख स्पष्ट करते हुए शेफाली बग्गा ने सफाई दी है कि उन्होंने इस ऐप का प्रचार अनजाने में किया था। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि महादेव ऐप का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा है और इसके पीछे एक बड़ा सट्टेबाजी सिंडिकेट काम कर रहा है। सोशल मीडिया पर शेफाली की बड़ी फैन फॉलोइंग है, जिसका इस्तेमाल ऐप प्रमोटर्स ने अपने प्रचार के लिए किया था।
नई चार्जशीट में 42 लोगों के नाम शामिल, एबिक्स ग्रुप के विकास गर्ग भी फंसे
Mahadev App Scam Update: ED ने हाल ही में रायपुर कोर्ट में 42 आरोपियों के खिलाफ नई चार्जशीट पेश की है। इस चार्जशीट में एबिक्स (Ebix) ग्रुप के चेयरमैन विकास गर्ग का नाम भी शामिल है, जिन्हें एजेंसी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। विकास गर्ग की 940 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां पहले ही कुर्क की जा चुकी हैं। उन पर आरोप है कि वे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड हरिशंकर तिब्रेवाल के जरिए अपराध की कमाई को अपनी लिस्टेड कंपनियों में लगाकर शेयर बाजार में हेरफेर कर रहे थे।
ईजमायट्रिप के प्रमोटर निशांत पिट्टी और बॉलीवुड हस्तियां जांच के घेरे में
चार्जशीट में ईजमायट्रिप (EaseMyTrip) के प्रमोटर निशांत पिट्टी पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। निशांत पर तिब्रेवाल के माध्यम से करीब 59 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को ठिकाने लगाने का आरोप है। इसके अलावा ED ने कई बॉलीवुड अभिनेताओं, गायकों और कलाकारों को भी समन जारी किया है। इन कलाकारों ने या तो विदेश में आयोजित सिंडिकेट के कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां दी थीं या फिर वीडियो संदेशों के जरिए ऐप का प्रचार किया था।
75 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई, मुख्य प्रमोटर अब भी फरार
ED की नवीनतम चार्जशीट के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट के माध्यम से 75,000 करोड़ रुपये से अधिक का काला धन जेनरेट किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर यह आंकड़ा और बड़ा हो सकता है। मामले के मुख्य मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल समेत कई अन्य प्रमोटर अभी भी विदेश में छिपे हैं और फरार घोषित हैं। ED इस मामले में अब तक कुल 6 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।



