
Delhi CJP Protest Updates: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के बावजूद कई राज्यों से कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना जारी है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही प्लेन के भीतर से हिरासत में ले लिया है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों से अब तक करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है।
लैंड होते ही विमान में पहुंची पुलिस, तीन प्रमुख नेता हिरासत में
Delhi Metro Gate Closed News: सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके जैसे ही विमान से दिल्ली पहुंचे, पुलिस की एक विशेष टीम सीधे रनवे पर खड़े प्लेन के अंदर दाखिल हो गई। अधिकारियों ने फ्लाइट के भीतर ही अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास से बातचीत की और उन्हें सीधे हिरासत में लेकर पुलिस बस में बैठा दिया। पार्टी ने इस कार्रवाई की तीखी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है और अपने नेताओं की तुरंत बिना शर्त रिहाई की मांग की है।
गुरुग्राम से यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत में लिए गए
Dhruv Rathee Detained in Gurugram: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी पुलिस ने सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित केंद्रीय विहार इलाके से हिरासत में ले लिया। ध्रुव राठी हाल ही में दुबई से लौटे अपने माता-पिता से मिलने पहुंचे थे। दिल्ली पुलिस की सूचना पर गुरुग्राम पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में उन्हें हिरासत में लिया गया। ध्रुव राठी ने एक दिन पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था।
दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के गेट बंद, सुरक्षा कारणों से फैसला
Delhi Metro Gate Closed News: प्रदर्शन के कारण आम यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सख्त कदम उठाए हैं। राजधानी के करीब 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रमुख प्रवेश और निकास द्वार शाम 6 बजे तक के लिए पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, मेट्रो ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है, लेकिन यात्रियों को केवल चुनिंदा द्वारों का ही इस्तेमाल करने की इजाजत दी जा रही है।
मंडी हाउस और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले तमाम रास्ते सील
Abhijit Dipke CJP Action: नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया गया है। मंडी हाउस गोलचक्कर से जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों, गलियों, फिरोजशाह रोड, बाराखंबा रोड और कनॉट प्लेस के संपर्क मार्गों पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर दी है। इन रास्तों पर केवल उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति दी जा रही है, जिनके पास उस इलाके में जाने का वैध पहचान पत्र या कोई बेहद आवश्यक कारण मौजूद है।
दिल्ली पुलिस का बयान: समय सीमा का पालन न करने पर रद्द हुई अनुमति
Delhi Police CJP Protest Restrictions: दिल्ली पुलिस ने इस कार्रवाई पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए बताया कि नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। पुलिस के मुताबिक, सीजेपी ने प्रदर्शन के लिए 7 अक्टूबर को आवेदन दिया था, जबकि नियमों के अनुसार इसके लिए तय समय सीमा का पालन किया जाना आवश्यक था। इसके अलावा पूर्व में हुए आयोजनों में नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी। पुलिस ने साफ किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों से कड़ाई से निपटा जाएगा।
बीजेपी का विपक्षी दलों पर हमला, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साधा निशाना
दिल्ली में चल रहे इस घटनाक्रम के बीच भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षी खेमे पर तीखा प्रहार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि देश में शांति और सौहार्द का माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 140 करोड़ लोगों वाले देश की स्थिरता को प्रभावित करने के लिए कुछ राजनीतिक दल और संगठन विदेशी ताकतों के बहकावे में काम कर रहे हैं।



