
Sukhdev Bhagat Kanker Visit Arson: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के कांकेर आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जेबकतरों ने बड़ी सफाई से सेंध लगा दी। नेताओं और कार्यकर्ताओं के स्वागत में जुटी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने एक-दो नहीं, बल्कि 15 से अधिक कार्यकर्ताओं की जेबें साफ कर दीं। इस पाकेटमारी में पीड़ितों के 40 हजार रुपये से अधिक नकद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और सरकारी पहचान पत्र चोरी हो गए हैं। अचानक हुई इस वारदात के बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया और पीड़ित नेताओं ने सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

माल्यार्पण के दौरान धक्का-मुक्की का उठाया फायदा
Kanker Viral Crime News: सुखदेव भगत के कांकेर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत चौक के पास भव्य माल्यार्पण का आयोजन किया था। अपने नेता से मिलने और उन्हें माला पहनाने की होड़ में कार्यकर्ताओं के बीच भारी भीड़ और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी आपाधापी का फायदा उठाकर गिरोह के सदस्यों ने बड़ी चालाकी से मंडल प्रभारी, सेक्टर प्रभारी और बूथ प्रभारियों की पीछे वाली जेब से पर्स निकाल लिए। जब कार्यक्रम खत्म हुआ और नेताओं ने चाय-पानी या सामान खरीदने के लिए अपनी जेब में हाथ डाला, तब चोरी का खुलासा हुआ।
आमोड़ा मंडल अध्यक्ष बोले: पैसों से ज्यादा दस्तावेज खोने की चिंता
घटना के शिकार बने आमोड़ा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोमरा ने बताया कि वे अपने मंडल के 20-25 कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके पर्स में 5 हजार रुपये नकद के साथ उनका पहचान पत्र, पैन कार्ड, एटीएम और परिवार के महत्वपूर्ण कागज रखे थे। कोमरा ने कहा कि नकद पैसे चले जाने का उतना दुख नहीं है, लेकिन जरूरी पहचान पत्र खो जाने से आने वाले समय में काफी प्रशासनिक परेशानियां झेलनी पड़ेंगी।

कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जेब से उड़े हजारों रुपये
इसी तरह सरंगपाल के सेक्टर प्रभारी कमलेश कुमार देवांगन ने बताया कि वे बाजार से किराना सामान खरीदने के लिए 10 हजार रुपये नकद लेकर आए थे, जो चोरी हो गए। वहीं कांग्रेस नेता देवानंद मरकाम की जेब से 6 हजार रुपये नकद और पूरे परिवार के पहचान पत्र गायब मिले। कार्यकर्ता शेखर सलाम के पर्स से भी 3 हजार रुपये और 3 एटीएम कार्ड पार हो गए। एक के बाद एक कई लोगों के साथ हुई इस वारदात से कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
कांकेर थाने में शिकायत दर्ज, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
Kanker Police Station Pocketing Case:कार्यक्रम खत्म होते ही दर्जनों पीड़ित कार्यकर्ता एक साथ कांकेर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। पुलिस ने अज्ञात जेबकतरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम स्वागत स्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले पेशेवर गिरोह की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

भविष्य के आयोजनों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की उठी मांग
इस घटना के बाद स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने अपनी ही पार्टी के बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। नेताओं का कहना है कि भविष्य में जब भी प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं का दौरा हो, तब पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आयोजकों को भी निजी वॉलंटियर्स और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था रखनी चाहिए। फिलहाल कांकेर पुलिस संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए मुखबिरों और तकनीकी टीम की मदद ले रही है।



