
Durg Election Godown Theft News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मतपेटियां, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और नकदी जब्त कर ली है।
चौकीदार की सूचना से हुआ खुलासा
CG Durg Crime News 2026: घटना 18 अक्टूबर 2026 की है। संतराबाड़ी दुर्ग निवासी राजू सारथी निर्वाचन संबंधी ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने उन्हें जानकारी दी कि एक अज्ञात व्यक्ति परिसर से संदिग्ध अवस्था में पेटी लेकर बाहर जा रहा है। राजू सारथी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी गायब हो चुका था। इसके बाद जब मतपेटी गोदाम का भौतिक सत्यापन किया गया, तो वहां से 10 मतपेटियां नदारद मिलीं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी शिकायत
Durg City Kotwali Police Action: मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सिटी कोतवाली दुर्ग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत जांच शुरू की। सरकारी परिसर से चुनाव संबंधी सामग्री चोरी होने के कारण पुलिस की कई टीमों को संदिग्धों की तलाश में लगाया गया।
मिलपारा निवासी युशु यादव पकड़ाया
Durg Election Material Theft Case: जांच-पड़ताल और स्थानीय मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मिलपारा निवासी युशु यादव पर संदेह जताया। पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान 22 वर्षीय आरोपी युशु यादव ने निर्वाचन गोदाम का ताला तोड़कर मतपेटियां चोरी करने का अपराध स्वीकार कर लिया।
ई-रिक्शा से ढोया गया चोरी का सामान
आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी की गई मतपेटियों को ठिकाने लगाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CR 0648 और बिक्री से मिले 200 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त ई-रिक्शा की अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है।

गयानगर के कबाड़ी दुकान में बेची सामग्री
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की मतपेटियों को गयानगर स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेच दिया था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने कबाड़ी दुकान पर दबिश दी और दुकान संचालक 65 वर्षीय देवानंद सोनी को गिरफ्तार कर लिया। कबाड़ी की निशानदेही पर दुकान के भीतर से 6 चोरी हुई मतपेटियां बरामद कर ली गईं।
4 मतपेटियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में कुल 76 हजार 200 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है, जिसमें 6 मतपेटियां, ई-रिक्शा और नकदी शामिल हैं। हालांकि, गोदाम से कुल 10 मतपेटियां गायब हुई थीं, जिनमें से 4 मतपेटियों का सुराग फिलहाल नहीं मिल सका है। पुलिस का कहना है कि बाकी बची हुई मतपेटियों की बरामदगी के लिए आगे की जांच जारी है।
दोनों आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने सरकारी परिसरों में चुनाव सामग्री की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी समीक्षा की जा रही है।



