Zila Panchayat Adhyaksha Death Threat Instagram: जिला पंचायत अध्यक्ष को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी, थाने में FIR दर्ज

Gariyaband Zila Panchayat Adhyaksha Threat: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी और अभद्र टिप्पणियां मिली हैं। इस मामले को लेकर पीड़ित अध्यक्ष ने देवभोग पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में न केवल सोशल मीडिया पर मिली धमकियों का उल्लेख किया गया है, बल्कि इससे पहले उनके आवास की संदिग्ध लोगों द्वारा की गई रेकी का भी ब्योरा दिया गया है।

आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट पर की गई अशोभनीय टिप्पणियां

Gouri Shankar Kashyap Death Threat Instagram: जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने देवभोग थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के एक संगठनात्मक कार्यक्रम का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में राठौर उग्रसेन नाम की एक यूजर आईडी से कई अशोभनीय और अभद्र कमेंट किए गए। इसके अलावा उसी आईडी से देवभोग आकर जान से मारने की खुली धमकी भी दी गई, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

अर्टिगा कार सवार संदिग्धों पर घर की रेकी करने का आरोप

Deobhog Police Station Threat Case: शिकायत पत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने पूर्व में घटी एक संदेहास्पद घटना का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को एक अर्टिगा कार में सवार होकर आए कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर के आसपास रेकी की थी। जब उनके पिता ने संदिग्ध कार सवारों को देखा और पूछताछ की कोशिश की, तो वे वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। अध्यक्ष का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने तत्कालीन थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी थी और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने का आग्रह किया था, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

CG BJP Leader Death Threat: पूर्व में दी गई सूचना पर पुलिस की ओर से त्वरित एक्शन न लिए जाने को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। स्थानीय थाना स्तर पर सुनवाई न होने के बाद उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक से इस पूरे मामले पर सीधी बातचीत की है और अपनी सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

मामले की जांच साइबर सेल को सौंपने की प्रक्रिया शुरू

Gariyaband Cyber Cell Police Investigation: मामले की गंभीरता को देखते हुए देवभोग थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा दी गई लिखित शिकायत में सोशल मीडिया के जरिए मिली जान से मारने की धमकी का स्पष्ट उल्लेख है। थाना प्रभारी के अनुसार इस मामले की विस्तृत जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और दिशानिर्देश मांगे गए हैं। सोशल मीडिया आईडी और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच के लिए मामला जिला साइबर सेल को सौंपा जा रहा है।

साइबर सेल की जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

पुलिस प्रशासन का कहना है कि साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी का आईपी एड्रेस और यूजर की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि फर्जी आईडी के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले आरोपियों की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Cyber Fraud Alert Diwali Greetings: सावधान! दिवाली की बधाई वाले मैसेज में छिपा है वायरस, एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button