CG SSC Recruitment Rules 2026: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट, 7 समूहों में बंटी भर्ती और तय हुई नई शैक्षणिक योग्यता

CG SSC Recruitment Rules 2026: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने राजपत्र में नए नियम जारी करते हुए विभिन्न सरकारी पदों पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता का ढांचा पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। इस अधिसूचना के जारी होने से अब अभ्यर्थियों के बीच यह भ्रम समाप्त हो गया है कि किस पद के लिए कितनी पढ़ाई और कौन-सी तकनीकी डिग्री अनिवार्य होगी। इन नए नियमों में इंजीनियरिंग, पुलिस, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग, मंत्रालय और चतुर्थ श्रेणी तक के सभी प्रमुख पदों की पात्रता तय कर दी गई है।

दसवीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक की योग्यता साफ

CG Government Jobs Eligibility: राज्य सरकार ने सीधी भर्ती के सभी पदों को कुल 7 अलग-अलग समूहों में विभाजित किया है। पदों के कार्य स्वरूप और शैक्षणिक स्तर के आधार पर प्रत्येक समूह के लिए अलग पात्रता निर्धारित की गई है। इस व्यवस्था से 10वीं और 12वीं पास युवाओं से लेकर स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारकों को यह समझने में आसानी होगी कि वे किन सरकारी भर्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

समूह एक में इंजीनियरिंग के उप अभियंता पद शामिल

CG GAD Gazette Notification: पहले समूह में विभिन्न विभागों के उप अभियंता पदों को रखा गया है। सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और माइनिंग शाखा के उप अभियंता पदों के लिए संबंधित विषय में 3 वर्षीय डिप्लोमा या बीई अथवा बीटेक की डिग्री अनिवार्य होगी। वहीं कंप्यूटर साइंस और आईटी शाखा के उप अभियंता पदों के लिए डिप्लोमा और इंजीनियरिंग डिग्री के साथ एमई, एमटेक और एमसीए की योग्यता को भी मान्य किया गया है।

समूह दो में स्नातक और लिपिकीय पदों के नियम

CG Staff Selection Commission Act: दूसरे समूह में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के प्रशासनिक तथा कार्यपालिक पद शामिल हैं, जिनमें सहायक प्रबंधक उद्योग, श्रम निरीक्षक, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, सहकारिता निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक, मंडी निरीक्षक, महिला एवं बाल विकास सुपरवाइजर, खेल अधिकारी, वार्डन और स्टोर कीपर प्रमुख हैं। इसके अलावा सहायक ग्रेड-3, कनिष्ठ सहायक, पंजीयन लिपिक और डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए स्नातक या 12वीं के साथ 1 वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा व टाइपिंग गति प्रमाण पत्र जरूरी होगा। वहीं शीघ्रलेखक के लिए 100 शब्द प्रति मिनट और स्टेनो टाइपिस्ट के लिए हिंदी शीघ्रलेखन में 60 शब्द प्रति मिनट की गति अनिवार्य की गई है।

समूह तीन और चार में शिक्षक व पुलिस भर्ती की शर्तें

CG Staff Selection Commission Act: तीसरे समूह में स्कूल शिक्षा विभाग के पदों को शामिल किया गया है, जिसके तहत सहायक शिक्षक के लिए 12वीं पास, शिक्षक के लिए संबंधित विषय में स्नातक और व्याख्याता के लिए स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य होगी। दूसरी ओर चौथे समूह में पुलिस और वर्दीधारी सेवाओं को रखा गया है, जहां उप निरीक्षक, सूबेदार और प्लाटून कमांडर के लिए स्नातक डिग्री के साथ शारीरिक दक्षता जरूरी होगी, जबकि पुलिस आरक्षक, परिवहन व आबकारी आरक्षक, जेल प्रहरी, वनरक्षक, नगर सैनिक और फायरमैन के लिए 12वीं पास और निर्धारित शारीरिक मापदंड लागू होंगे।

समूह पांच में स्वास्थ्य और फार्मेसी के तकनीकी पद

पांचवें समूह में चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों को स्थान दिया गया है, जिनमें स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, लैब टेक्नीशियन, लैब असिस्टेंट और फार्मासिस्ट शामिल हैं। इस समूह के अंतर्गत स्टाफ नर्स पद के लिए नर्सिंग की निर्धारित डिग्री या प्रशिक्षण के साथ नर्सिंग काउंसिल में जीवित पंजीयन अनिवार्य किया गया है, वहीं फार्मासिस्ट पद के लिए फार्मेसी में डिप्लोमा और छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल में पंजीयन जरूरी होगा।

समूह छह में पटवारी और छात्रावास अधीक्षक की पात्रता

छठवें समूह में राजस्व और तकनीकी कौशल से जुड़े पदों जैसे पटवारी, छात्रावास अधीक्षक, अमीन, हैंडपंप तकनीशियन, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, अनुरेखक और डीटीपी ऑपरेटर को शामिल किया गया है। इस समूह के तहत पटवारी और छात्रावास अधीक्षक जैसे चर्चित पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को 12वीं उत्तीर्ण होने के साथ मान्यता प्राप्त संस्थान से 1 वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा होना अनिवार्य किया गया है।

समूह सात में वाहन चालक और चतुर्थ श्रेणी की योग्यता

सातवें और अंतिम समूह में वाहन चालक और चतुर्थ श्रेणी के पदों को रखा गया है, जिनके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास तय की गई है। वाहन चालक पद के लिए 10वीं पास होने के साथ वैध स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस और नियुक्ति के 3 साल के भीतर मोटरसाइकिल, हल्के मोटर वाहन व परिवहन वाहन चलाने का प्राधिकृत लाइसेंस प्राप्त करना जरूरी होगा, साथ ही अच्छी दृष्टि और रंगों की पहचान करने की क्षमता भी अनिवार्य है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पूरी करने से नियुक्ति का अधिकार नहीं मिलेगा, बल्कि संबंधित विभाग के भर्ती नियमों की अन्य शर्तें भी पूरी करनी होंगी।

Also Read: CG CMDC Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में 44 पदों पर सीधी भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button